बागेश्वर में पत्रकारों से वार्ता करते यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष भुल्लर। संवाद न्यूज एजेंस?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष सुमित्तर भुल्लर ने बढ़ती महंगाई पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि महंगाई ने मध्यम और गरीब तबके को दो जून की रोटी से मोहताज कर दिया है। यूथ कांग्रेस महंगाई को लेकर सरकार को जगाने का काम करेगी।
लोनिवि विश्राम गृह में पत्रकारों से मुखातिब भुल्लर ने कहा कि वर्ष 2014 में भाजपा महंगाई को मुद्दा बनाकर केंद्र की सत्ता में आई। वर्ष 2019 में एक बार फिर जनता ने भाजपा पर भरोसा कर सरकार बनाई, लेकिन भाजपा की सरकार और प्रधानमंत्री मोदी ने महंगाई को कम करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। रसोई गैस पर सब्सिडी समाप्त कर दी। पेट्रोल, डीजल के दाम सौ रुपये से अधिक हो गए हैं।
कांग्रेस के शासनकाल में पेट्रोल, डीजल की कीमत 60 रुपये से कम थी। रसोई गैस की कीमत साढ़े तीन सौ रुपये थी। आज रसोई गैस की कीमत एक हजार से अधिक हो गई है। गरीबी दूर करने की बात करने वाली भाजपा की सरकार महंगाई के मुद्दे पर चुप है। कहा कि प्रदेश सरकार ने कोरोना से मारे गए लोगों के आंकड़े छुपाकर प्रभावित परिवारों को लाभों से वंचित किया है। यूथ कांग्रेस जनमुद्दों पर सरकार को घेरेगी। वार्ता में गोकुल परिवार, कमलेश उपाध्याय आदि मौजूद थे।