बागेश्वर। जिले में मंगलवार को हाईस्कूल की गणित और इंटरमीडिएट की राजनीति विज्ञान की परीक्षा संपन्न हुई। दो पालियों में हुई परीक्षा में 64 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। सभी केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न कराई गई।
सीईओ गजेंद्र सिंह सौन ने बताया कि हाईस्कूल की गणित विषय की परीक्षा के लिए 2623 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 2581 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि 42 अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में हुई इंटरमीडिएट की राजनीति विज्ञान की परीक्षा में 2244 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 2222 ने परीक्षा में भाग लिया। 22 अनुपस्थित रहे। परीक्षा का आयोजन 54 परीक्षा केंद्रों में किया गया। उन्होंने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए 57 केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों में नकलविहीन परीक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। अब तक जिले में नकल करते कोई नहीं पकड़ा गया है। वहीं उड़नदस्ता टीम भी लगातार परीक्षा केंद्रों में जाकर निरीक्षण कर रही है।
अल्मोड़ा में 10,819 ने दी परीक्षा
अल्मोड़ा। जिले में मंगलवार को उत्तराखंड हाईस्कूल की गणित, इंटरमीडिएट के राजनीति विज्ञान, कृषि वनस्पति विज्ञान, इंटर कृषि अर्थशास्त्र विषयों की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई। जिले के 124 परीक्षा केंद्रों में 10,819 ने परीक्षा दी जबकि 105 अनुपस्थित रहे।
सीईओ कार्यालय स्थित बोर्ड परीक्षा मुख्य कंट्रोल रूम प्रभारी जनार्दन तिवारी ने बताया कि मंगल को हाईस्कूल के गणित प्रश्न पत्र की परीक्षा हुई। गणित में कुल 5805 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। 5737 ने परीक्षा दी जबकि 68 अनुपस्थित रहे। इंटर राजनीति विज्ञान विषय में पंजीकृत 5088 अभ्यर्थियों के सापेक्ष 5052 ने परीक्षा दी जबकि 36 गैर हाजिर रहे। कृषि वनस्पति विज्ञान में कुल 16 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। जिसके सापेक्ष 15 ने परीक्षा दी एक अनुपस्थित रहा। कृषि अर्थशास्त्र में 15 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सभी ने परीक्षा दी। सीईओ सुभाष चंद्र भट्ट ने गोवर्धन शर्मा इंटर कालेज ज्योली, जीआईसी हवालबाग का निरीक्षण किया। डीईओ माध्यमिक सत्यनारायण ने जीआईसी बाड़ेछीना, पनुवानौला, जागनाथ विद्या निकेतन शौकियाथल का निरीक्षण किया।