अल्मोड़ा। लॉ की पढ़ाई कर रहा एक छात्र मंगलवार को परीक्षा देने नैनीताल से अल्मोड़ा लॉ कॉलेज पहुंच गया मगर उसे पेपर नहीं मिला। जब हल्ला मचा तो पता चला कि कुमाऊं विश्वविद्यालय ने उसकी परीक्षा का पेपर छापा ही नहीं। इस कारण वह परीक्षा देने से वंचित रह गया।
अल्मोड़ा लॉ कॉलेज में इन दिनों लॉ के छात्रों की परीक्षाएं चल रही हैं। मंगलवार को भी छात्र परीक्षा देने के लिए कॉलेज पहुंचे। इनमें पांचवें सेमेस्टर का छात्र प्रकाश चंद्र पांडे भी शामिल था। प्रकाश पांडे ने बताया कि मार्च में उन्होंने चयनित प्रश्न पत्र के लिए एलएलबी का ऑनलाइन फार्म भरा था। इसमें दो विषयों में से उन्होंने एक विषय इंटरनेशनल इंवायरमेंट लॉ परीक्षा देने के लिए चुना।
20 अप्रैल को कुमाऊं विश्वविद्यालय प्रबंधन ने उन्हें फोन कर अपना चयनित विषय बदलने के लिए कहा। इसके लिए परीक्षा नियंत्रक के नाम एक पत्र भेजने को कहा। प्रकाश पांडे ने कॉलेज प्रबंधन के बताए अनुसार प्रार्थना पत्र भेजा लेकिन इसके बाद भी उनका विषय बदला नहीं गया। इसके बाद प्रकाश ने फिर पहले से चुने गए विषय की परीक्षा देने का ही निर्णय लिया। 26 अप्रैल को वह अल्मोड़ा लॉ कॉलेज में चयनित विषय की परीक्षा देने पहुंचे लेकिन यहां उन्हें परीक्षा देने के लिए प्रश्न पत्र ही उपलब्ध नहीं हुआ। उन्होंने लॉ कॉलेज प्रबंधन से इस बारे में लिखित शिकायत की। बताया जा रहा है कि प्रकाश पांडे इस विषय को चुनने वाले एकमात्र छात्र थे।
एक छात्र की इंटरनेश्नल इंवायरमेंट लॉ की परीक्षा थी लेकिन कुमाऊं विश्विद्यालय नैनीताल ने छात्र के लिए प्रश्न पत्र ही नहीं भेजा जिससे छात्र परीक्षा देने से वंचित रह गया। इस संबंध में जब विश्वविद्यालय में बात की गई तो बताया गया कि इस परीक्षा का प्रश्न पत्र छापा ही नहीं गया है।
- डॉ. डीपी यादव, एसोसिएट प्रोफेसर अल्मोड़ा लॉ कॉलेज।