अल्मोड़ा। हिंदू सेवा समिति ने उत्तर प्रदेश के आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप के जागेश्वर धाम के प्रबंधन समिति और पुजारियों के साथ अभद्र व्यवहार की कड़ी निंदा की है। समिति के सदस्यों ने मंगलवार को चौघानपाटा में सांसद कश्यप का पुतला जलाकर विरोध जताया। कार्यकर्ताओं ने सांसद कश्यप के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सांसद कश्यप को संसद से बर्खास्त करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में कोई व्यक्ति इस घटना की पुनरावृत्ति करता है तो उसका हिंदू सेवा समिति कड़ा विरोध करेगी।
पुतला फूंकने वालों में हिंदू सेवा समिति के अध्यक्ष अजीत सिंह कार्की, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष सुशील साह, समिति के उपाध्यक्ष किशन लाल, मनोज वर्मा, सचिव कमल साह, कोषाध्यक्ष नीरज बोरा, संयुक्त सचिव वैभव पांडे, उपसचिव कमल भट्ट आदि रहे।
जल्द हो आंवला के सांसद की गिरफ्तारी
अल्मोड़ा। जागेश्वर धाम में मंदिर प्रबंधन कमेटी के साथ आंवला के भाजपा सांसद धर्मेंद्र कश्यप की अभद्रता के मामले में पुजारियों ने कड़ा आक्रोश जताया है। उन्होंने कहा कि सांसद ने गालीगलौज कर धार्मिक मान्यताओं पर भी कुठाराघात किया है।
आरोपी सांसद के खिलाफ राजस्व पुलिस में धारा 188 और 504 में एफआईआर दर्ज है। उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर गिरफ्तारी की जाए। ताकि भविष्य में भी कोई भी व्यक्ति ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न कर सके।
आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने जिस तरह मंदिर परिसर के भीतर प्रबंधक और पुजारियों के साथ गालीगलौज और अभद्रता की वह क्षमा योग्य नहीं है। पुलिस प्रशासन को आरोपी सांसद की गिरफ्तारी करनी चाहिए।
भगवान भट्ट, पुजारी प्रतिनिधि, जागेश्वर धाम मंदिर प्रबंधन समिति।
जागेश्वर धाम में भक्तजन पूजा, अर्चना करने आते हैं, लेकिन आंवला के सांसद कश्यप ने गालीगलौज कर भगवान भोलेशंकर का भी अपमान किया है। प्रशासन को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि दोबारा ऐसा न हो।
लक्ष्मी दत्त भट्ट, पुजारी।
आंवला के सांसद कश्यप का यह कृत्य क्षमा के योग्य नहीं है। उनके खिलाफ राजस्व पुलिस में प्राथमिकी दर्ज है। प्रशासन और पुलिस उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करे। ताकि ऐसा व्यवहार करने वालों को सबक मिल सके।
गिरीश भट्ट, पुजारी और सामाजिक कार्यकर्ता।
आंवला के सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने जागेश्वर धाम आकर धार्मिक मान्यताओं से खिलवाड़ किया है। मंदिर के प्रबंधक और पुजारियों से अपशब्द कहे। उनके खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई कर उनकी गिरफ्तारी की जाए।
नंदन सिंह नेगी (निक्कू), जिला पंचायत सदस्य, जागेश्वर।