भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा है कि कार्यकर्ता पूरी मजबूती के साथ आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए काम करें और पार्टी के 60 प्लस मिशन को सफल बनाएं। नड्डा यहां शिखर होटल के शाही सभागार में 12 विधानसभाओं के कोर ग्रुप कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। वह कार्यकर्ताओं को जीत का मंत्र दे गए।
नड्डा ने कहा कि कार्यकर्ता और पदाधिकारी जमीनी स्तर पर काम करें। मंडलों व बूथ स्तर पर भ्रमण करें साथ ही विधानसभा प्रभारी के साथ नियमित रूप से बैठकें करें। प्रवास के दौरान विधानसभा क्षेत्र में पार्टी की मजबूती और कमजोरी का अध्ययन कर उस हिसाब से व्यूह रचना करें और पार्टी की जीत सुनिश्चित करते हुए 60 प्लस मिशन को सफल बनाएं।
उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों में बूथों की ए,बी,सी,डी श्रेणी बनाई गई हैं। सभी कार्यकर्ता ए श्रेणी के बूथ को ए प्लस, बी को ए श्रेणी, सी को बी श्रेणी और डी को सी श्रेणी में अपग्रेड करने के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी कार्यकर्ताओं पर नजर रख रही है। पार्टी के लिए काम करने वालों पर भी पार्टी की नजर है। बूथ पर करने के लिए 24 काम हैं जिन्हें प्रभावी ढंग से करना है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वह सेवक के रूप में जनता के लिए काम कर रहे हैं। चार माह के कार्यकाल में उनकी सरकार ने 400 से अधिक जनहित के फैसले लिए हैं। कार्यकर्ता सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाएं। लोग भाजपा की ओर आशा भरी निगाह से देख रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में भाजपा इस बार भी सरकार बनाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने राष्ट्रीय अध्यक्ष समेत सभी पदाधिकारियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में भाजपा को जनसमर्थन मिल रहा है। पार्टी 60 से अधिक सीटें जीतेगी। संचालन प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट ने किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में युवाओं और महिलाओं की भागीदारी अधिक रहेगी। उत्तराखंड में 250 रैली अलग- अलग जिलों में की जानी है जिसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का दौरा भी प्रदेश में प्रस्तावित है।
यहां केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश सह चुनाव प्रभारी लॉकेट चटर्जी, राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव जेटली, सांसद अजय टम्टा, विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान, मंत्री बिशन सिंह चुफाल, रेखा आर्या, संगठन महामंत्री अजेय, प्रदेश उपाध्यक्ष कैलाश शर्मा, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष कुंदन लटवाल, जिलाध्यक्ष रवि रौतेला के अलावा कोर कमेटी में शामिल बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के जिलाध्यक्ष, विधायक, मंत्री, पदाधिकारियों समेत 144 सदस्य मौजूद रहे।
व्यक्तिगत रूप से लिया परिचय
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर बैठक का शुभारंभ किया। इसके बाद नड्डा ने व्यक्गित रूप से कोर कमेटी के सभी सदस्यों का परिचय लिया।
छोलिया नृत्य और तिलक से हुआ नड्डा का स्वागत
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के अल्मोड़ा शिखर होटल पहुंचने पर छोलिया नृत्य और तिलक लगाकर कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके साथ ही पार्टी के अन्य पदाधिकारियों का भी तिलक लगाकर स्वागत किया गया। नड्डा के पहुंचने के बाद हर कार्यकर्ता उनके करीब जाकर उनका अभिवादन करना चाह रहा था लेकिन कई कार्यकर्ताओं को उनके करीब जाने का मौका नहीं मिल पाया।
टिकट के दावेदारों का लगा रहा तांता
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अल्मोड़ा में भाजपा कोर ग्रुप कमेटी की बैठक लेने पहुंचे थे। लेकिन सभी विधानसभाओं में टिकट के लिए दावेदारी ठोक रहे नेता भी कार्यक्रम में पहुंचे। नेताओं में चर्चा थी कि बैठक में नड्डा टिकट को लेकर भी बात कर सकते हैं। इसके लेकर बाहर खड़े नेता बैठक में शामिल कोर ग्रुप के नेताओं से इस बारे में पूछताछ करने में जुटे थे।
नड्डा बोले, अगली बार आऊं तो डायरी लेकर बैठना
कोर ग्रुप कमेटी की बैठक में सबसे पहले नड्डा ने कोर ग्रुप कमेटी के सदस्यों से पूछा कि उन्हें जो काम दिए गए थे उनका क्या हुआ उसका ब्योरा दें। फिर नड्डा बोले अगली बार आऊं तो डायरी लेकर बैठना। इसमें पार्टी की ओर से बताए काम और उन्हें समय पर पूरा करने की याद रहे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष और पदाधिकारियों का हुआ भव्य स्वागत
पहली बार अल्मोड़ा पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट का कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। संसदीय क्षेत्र के विभिन इलाकों से पदाधिकारी और कार्यकर्ता अल्मोड़ा पहुंचे थे। इनमें विधायक चंद्रा पंत (पिथौरागढ़), सुरेंद्र जीना (सल्ट), महेश नेगी (द्वाराहाट), चंदन राम दास (बागेश्वर), बलवंत भौर्याल (कपकोट), मीना गंगोला (गंगोलीहाट), डीसीबी अध्यक्ष ललित लटवाल, जिला महामंत्री महेश नयाल, प्रेम शर्मा, गोविंद टंगड़िया, गोविंद पिलख्वाल, सुभाष पांडे, मोहन सिंह मेहरा, गौरव पांडे, विनीत बिष्ट, कैलाश गुरुरानी, संजय साह रिक्खू, प्रकाश बिष्ट, शैलेंद्र साह (सोबू), दीप पांडे, मनोज सिंह सामंत, आनंद डंगवाल, पिथौरागढ़ जिलाध्यक्ष वीरेंद्र बल्दिया, बागेश्वर जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह रावत, कमला चुफाल, गिरीश जोशी, वीरेंद्रा नंद पाल, राजेश्वरी देवी, दर्शन रावत, जयश्री पाठक, सुनीता कन्याल, राजेंद्र परिहार, गोविंद टंगड़िया, गोपाल कृष्ण उप्रेती आदि के अलावा मंडल अध्यक्ष, ब्लाक प्रमुख, निकाय अध्यक्ष, पंचयात प्रतिनिधि, प्रभारियों समेत विभिन्न पदाधिकारीगण शामिल रहे।