अल्मोड़ा। महानगरों में होने वाले हनी ट्रैप के मामले अब पहाड़ों में पैर पसारने लगे हैं। अल्मोड़ा में भी पिछले कुछ दिनों में हनी ट्रैप के मामले उजागर हुए हैं। मामलों में युवतियां अनजान नंबर से वीडियो कॉल करने के बाद युवकों को हनी ट्रैप में फंसाकर उन्हें ब्लैकमेल कर रही है। बताया जा रहा है कि ऐसा ही एक मामला डीजीपी उत्तराखंड तक भी पहुंचा है।
हनी ट्रैप एक संगठित गिरोह की ओर से चलाया जाता है। फेसबुक मैसेंजर पर अनजान युवतियां लोगों से उनका नंबर मांगती है और फिर उनके साथ व्हाट्सएप पर जुड़कर अश्लील चैट करती हैं। झांसे में आने के बाद युवती उसे वीडियो कॉल करने के लिए प्रेरित करती हैं और उसके बाद नग्नावस्था में वीडियो कॉल करती है। यहीं से शुरू होता है ब्लैकमेल करने का सिलसिला और ब्लैकमेल करने के लिए वीडियो चैट को सोशल मीडिया या किसी अन्य साइट पर डालने की धमकी देकर पैसों की मांग की जाती है। लोकलाज के डर से पीड़ित पैसे देने पर मजबूर हो जाता है। पैसे मांगने का सिलसिला कुछ लंबे समय तक चलने पर कुछ लोग डिप्रेशन में चले जाते हैं तो कुछ आत्मघाती कदम तक उठा लेते हैं। पिछले एक माह में अल्मोड़ा में भी करीब छह ऐसे मामले आए हैं। नगर के कुछ प्रतिष्ठित व्यक्ति, व्यापारी और छात्र हनी ट्रैप का शिकार हुए है। अपना सम्मान खोने के डर से कोई स्थानीय पुलिस के पास शिकायत लेकर नहीं पहुंचा लेकिन बताया जा रहा है कि एक पीड़ित ने डीजीपी उत्तराखंड से मामले की शिकायत की है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
कैसे बचें हनी ट्रैप से
अल्मोड़ा। हनी ट्रैप से बचने के लिए अनजान फोन नंबरों के साथ न जुड़ेें और न ही अनजान नंबरों के साथ व्हाटसएप पर वीडियो कॉल करें। अगर किसी भी अनजान नंबर पर बात करके एहसास होता है कि यह हनी ट्रैप का मसला है तो तत्काल पुलिस को उसकी सूचना दें। अनजान साइट या लिंक से भी जुड़ने से बचें और किसी भी प्रलोभन या लालच में आकर साइट या लिंक को ओपन न करें और न ही अपना निजी विवरण उसमें डालें। हनी ट्रैप का शिकार होने पर संकोच न करें और पुलिस को तत्काल सूचना दें।
हनी ट्रैप के मामले की शिकायत लेकर फिलहाल कोई पुलिस के पास नहीं पहुंचा है। ऐसे मामलों में लोग पुलिस के पास आने से संकोच भी करते हैं। जिससे उन्हें न्याय नहीं मिलता है और हनी ट्रैप का शिकार बनाने वालों के हौसले बढ़ते हैं। ऐसा कोई भी मामला होने पर पुलिस को बताएं पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।
- प्रदीप कुमार राय, एसएसपी अल्मोड़ा।