फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बस खाई में गिरी, 17 यात्रियों की मौत

Sun, 21 Jun 2015 01:05 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला ब्यूरो, दन्यां/अल्मोड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़ से दिल्ली जा रही पिथौरागढ़ डिपो की बस घाट-अल्मोड़ा मार्ग में ध्याड़ी के पास 250 मीटर खाई में गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में बस के परखचे उड़ गए। हादसे में पांच महिलाओं समेत 17 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 22 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
विज्ञापन


घायलों को इलाज के लिए धौलादेवी प्राथमिक अस्पताल के अलावा अल्मोड़ा और हल्द्वानी के अस्पतालों में भेजा गया है। बस में चालक परिचालक समेत कुल 39 यात्री सवार थे। इधर, मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दुर्घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख, गंभीर घायलों को 50 हजार और सामान्य घायलों को 20-20 हजार रुपये देने की घोषणा की है।

शनिवार को पिथौरागढ़ से दिल्ली जा रही रोडवेज बस (यूके 07-टीए-1093) दोपहर करीब 12:50 बजे ध्याड़ी के पास अनियंत्रित होकर 250 मीटर खाई में जा गिरी। हादसे में बस चालक और पांच महिलाओं सहित 17 लोगों की मौत हो गई जबकि परिचालक समेत 22 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
विज्ञापन


 उन्होंने जान जोखिम में डालकर गहरी खाई में कराह रहे घायलों को सड़क तक पहुंचाया। इधर, सूचना पर विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, अल्मोड़ा के विधायक मनोज तिवारी, डीएम विनोद कुमार सुमन, एसपी केएस नगन्याल, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, जलागम परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश कुंजवाल के अलावा पुलिस और राजस्व कर्मी आदि भी दुर्घटना स्थल पर पहुंच गए।

घायलों को दुर्घटनास्थल से 20 किमी दूर प्राथमिक अस्पताल धौलादेवी पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से तीन घायलों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी और आठ को बेस अस्पताल अल्मोड़ा रेफर कर दिया गया।

डीएम विनोद कुमार सुमन ने बताया कि शवों का पोस्टमार्टम प्राथमिक अस्पताल धौलादेवी में कराया जा रहा है। उधर, नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने भी घटना पर गहरा शोक जताते हुए डीएम से राहत कार्यों के बारे में फोन से जानकारी ली। सांसद अजय टम्टा ने भी दुर्घटना पर गहरा शोक जताया है।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें