गगास कस्बे में चोरों ने मंगलवार की रात भी नगर के मीना बाजार और घिंघारीखाल क्षेत्र में सात दुकानों के ताले तोड़ डाले। मीना बाजार में दो मोबाइल की दुकानों से एक मोबाइल और तीन हजार की नकदी चुरा ले गए। जबकि अन्य दुकानों के शटरों के सेंटर लॉक नहीं टूट पाए। दुकान स्वामी जब दुकान खोलने आए तो उन्हें चोरी का पता चला। प्रभावित दुकानदारों ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दे दी है। व्यापार मंडल ने शीघ्र चोरी का खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
मंगलवार की रात चोरों ने नगर के मीना बाजार में दीपक की मोबाइल की दुकान के ताले तोड़कर वहां से एक मोबाइल और तीन हजार रुपये पर हाथ साफ कर लिया। इसके बाद शंकर के ढाबे के ताले तोड़े गए। चोरों ने फिर दीपू की मोबाइल की दुकान पर सेंधमारी की। गब्बर की दुकान के भी ताले तोड़ दिए। घिंघारीखाल में भी दो दुकानों के ताले तोड़े जाने की सूचना है। इन दुकानों के शटरों के बीच के ताले नहीं टूटने से सामान चोरी नहीं हुआ। अलबत्ता इस वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। दुकानदार दीपक और अन्य लोगों ने कोतवाली में इस संबंध में अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है। कोतवाल पीएल वर्मा ने बताया कि उनकी गश्ती पुलिस इलाके के रात को दो से तीन बार चक्कर मारती है। व्यापार मंडल अध्यक्ष यतीश रौतेला ने इस घटना पर आक्रोश जताया है और पुलिस से गश्ती पुलिस को और मजबूत करने की मांग की है।
सुनसान इलाके की दुकानों को बना रहे निशाना
चोर सुनसान इलाके की दुकानों को निशाना बना रहे हैं। घिंघारीखाल और मीना बाजार की दुकान भी नगर से हटकर हैं। इससे क्षेत्र के सभी व्यापारियों में भारी आक्रोश है। व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष मोहन नेगी ने भी पुलिस से शीघ्र चोरी के खुलासे की मांग की है।
मीना बाजार में स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग
मीना बाजार के दुकानदारों का कहना है कि मीना बाजार के इलाके में रात के वक्त अंधेरा रहता है। छावनी परिषद से कई बार यहां स्ट्रीट लाइटें लगाने की मांग की गई, लेकिन सुनने वाला कोई नहीं है। जरूरी बाजार को जोड़ने वाले मार्ग पर एकमात्र स्ट्रीट लाइट है, लेकिन उससे भी खास फर्क नहीं पड़ रहा है।