अल्मोड़ा। एनटीडी में एक दिन पूर्व ज्वैलर्स की दुकान पर काम करने पहुंचा कारीगर दुकान स्वामी को ही दो लाख रुपये की चपत लगाकर चंपत हो गया। आशीष वर्मा की यहां एनटीडी में जय महालक्ष्मी नाम से ज्वेलर्स की दुकान है।
बताया गया है कि 12 दिसंबर को पूर्वी पश्चिम बंगाल निवासी श्मशुद्दीन नामक एक कारीगर दुकान पर काम मांगने आया था, जिसे दुकान स्वामी ने काम पर रख लिया। 13 दिसंबर को सबसे पहले दुकान शमशुद्दीन ने खोली। कुछ देर बाद दुकान स्वामी भी दुकान में पहुंच गए। शमशुद्दीन पास की दुकान से चाय लेने गया और फिर वापस नहीं लौटा। जब आधा घंटे तक कारीगर नहीं पहुंचा तो दुकान स्वामी ने दुकान में सोने की जांच की।
इस दौरान पता चला कि दुकान से 60 ग्राम सोना, एक मांग टीका और मंगलसूत्र के दो दाने वहां से गायब थे। इसके अलावा वहां से डाई भी पार कर ली गई थी। दुकान स्वामी ने देर रात यहां थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। जिसमें उन्होंने दो लाख रुपये का सोना पार होने की बात कही है। इधर पुलिस ने देर रात 408 धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब पूर्वी पश्चिम बंगाल रवाना होने की तैयारी कर रही है।