करंडा। पहाड़पुर गांव में बृहस्पतिवार की देर शाम मित्र के साथ उसकी बहन के घर आए युवक की आरोपी ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी रामबदन सिंह ने बताया कि गांव निवासी सुदीप यादव अपनी मां निर्मला यादव को बाइक से बाजार लेकर गया था। वहां से लौटते समय उसके पड़ोस में बंधी बकरी की रस्सी बाइक में फंस गई। इससे नाराज सुदीप पड़ोस के लोगों से झगड़ा करने लगा। मां निर्मला ने जब मना किया तो वह उन्हें भी मारने पीटने लगा। यह देख निर्मला यादव ने अपने भाई को फोन करके बुलाया। इधर धनईपुर गांव से उनका भाई और पड़ोस के दो युवकों के साथ विवेक यादव (23) भी गया था। कहासुनी होने पर सुदीप ने विवेक को तमंचा सटाकर गोली मार दी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गया। इधर ग्रामीण एवं परिजन घायल को वाराणसी ले गए। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।