दो दिन से दिन में अच्छी धूप होने के बाद मौसम का मिजाज फिर बदल गया। शनिवार के बाद रविवार सुबह भी वाराणसी हर से सटे इलाकों में कई जगहों पर कोहरा भी छाया रहा। धूप तो निकली लेकिन पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से उसका असर कम रहा। इधर शाम में गलन भी बढ़ जा रही है।
वाराणसी समेत आसपास के जिलों में मौसम का यही हाल है। सुबह-सुबह मैदानी इलाकों में कोहरा ज्यादा दिख रहा है। पिछले 48 घंटे में तापमान दो डिग्री तक कम हुआ है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार आने वाले तीन-चार दिनों में बादलों की आवाजाही जारी रहने और हल्की बूंदाबांदी के भी आसार बन रहे हैं। दिसंबर के दूसरे सप्ताह के बाद से मौसम में ज्यादा बदलाव देखने को मिल रहा है।
तापमान में भी उतार चढ़ाव बना हुआ है। पिछले सप्ताह अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया था जबकि न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि जम्मू कश्मीर से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की वजह से ही मौसम में बदलाव हुआ है।