आईआईटी बीएचयू में वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव काशी यात्रा में तीन दिन (19 से 21 जनवरी) तक 60 कार्यक्रम होंगे। कला, साहित्य, संस्कृति के इस संगम में देश भर से आईआईटी, तकनीकी संस्थानों सहित 300 से अधिक संस्थानों के करीब 12 हजार प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। जिमखाना परिसर में आईआईटी बीएचयू के स्टूडेंट पार्लियामेंट के वाइस प्रेसीडेंट प्रणव सुरेश, फेस्टिवल कन्वीनर खुश गोयल और फेस्टिवल एडवाइजर पुरंजय खनिजो ने बताया कि अधिकांश टीमें आज शाम तक आ जाएंगी।
तीनों ने बताया कि काशी यात्रा-24 का उद्घाटन स्वतंत्रता भवन में होगा। जाने माने बांसुरी वादक पंडित रोनू मजूमदार और शास्त्रीय संगीत गायक पंडित उदय भावलकर प्रस्तुति देंगे। 21 जनवरी को समापन समारोह में पटकथा लेखक और गीतकार आईआईटी बीएचयू के पुरा छात्र वरुण ग्रोवर, अभिनेता चंदन रॉय अपनी प्रस्तुति देंगे। साथ ही विशाल और शेखर भी प्रस्तुति देंगे। प्रो. नाइट्स में ईडीएम नाइट्स, फ्यूजन फिएस्टा और बॉलीवुड नाइट्स कार्यक्रम होंगे। आयोजन में आईआईटी दिल्ली, कानपुर, मद्रास सहित अन्य आईआईटी, तकनीकी, इंजीनियरिंग कॉलेज की टीम आएगी।
यह होंगे आयोजन
तीन दिन में कला, साहित्य, खेलकूद, सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इसमें अभिनय (नाटकीय प्रतियोगिता), बंदिश (भारतीय संगीत प्रतियोगिता), क्रॉस विंड्ज़ (रॉक संगीत प्रतियोगिता), क्विज प्रतियोगिता, मिराज (फैशन प्रतियोगिता), नटराज (नृत्य प्रतियोगिता), तूलिका (कला प्रतियोगिता), संवाद (साहित्यिक प्रतियोगिता) शामिल हैं। ये सभी आयोजन शताब्दी भवन, स्वतंत्रता भवन, लेक्चरर थियेटर-एक, लेक्चरर थियेएट-तीन, कक्ष संख्या जी-11, राजपुताना ग्राउंड और एडीवी ग्राउंड में होंगे।