अभिनेत्री मनीषा कोईराला के सचिव अजीज देवानी की हत्या और सैम्स के निदेशक आरके सिंह हत्या के आरोपी मोस्ट वांटेड मनीष सिंह जंसा को अहमदाबाद से बनारस लाने की तैयारी चल रही है। कमिश्नरेट पुलिस की एक टीम जल्द ही वारंट लेकर अहमदाबाद जाएगी। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें वरूणा जोन के एक अधिकारी के नेतृत्व में दो थानेदारों को भेजे जाने के नाम पर उच्चाधिकारियों ने मुहर लगा दी है।
माना जा रहा है कि मनीष से पूछताछ के दौरान कमिश्नरेट पुलिस को उसके आकाओं और संरक्षणदाताओं के बारे में पुख्ता जानकारी मिल सकती है। पिछले माह 27 सितंबर को महाराष्ट्र में 50 हजार इनामी मनीष सिंह को अहमदाबाद की क्राइम ब्रांच ने दबोचा था। जंसा थाना अंतर्गत दीनदासपुर के रहने वाले मनीष सिंह के ऊपर जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित अन्य आरोपों में 11 मुकदमे दर्ज है। इसके अलावा पिछले डेढ़ दो दशक से मुंबई में रहते हुए मनीष सिंह ने अपराध के जरिए काफी संपत्ति भी अर्जित की है।
जून 2001 में मनीष सिंह का नाम अभिनेत्री मनीषा कोईराला के सचिव अजीत देवानी की हत्या में उछला था। इसमें शूटर के तौर पर मनीष का नाम सामने आया था। इसके बाद अप्रैल 2007 में चर्चित शिक्षाविद सैम्स इंस्टीटयूट के निदेशक आरके सिंह की रथयात्रा पर गोली मारकर हुई हत्या में शूटर के तौर पर मनीष को पुलिस ने चिन्हित किया था। मुकदमे की एक पेशी के दौरान कचहरी में पुलिस को चकमा देकर फरार मनीष सिंह पर कैंट पुलिस ने 24 मई 2010 को 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।