कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल के पानी टंकी में मिला अज्ञात युवक का शव, मौके पर पहुंची पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
100 फीट ऊंचाई और दो फीट चौड़ा ढक्कन, नौ घंटे बाद निकला शव
मंडलीय अस्पताल स्थित पानी की टंकी से शव निकालने के लिए शाम चार बजे से रात सवा एक बजे तक प्रयास किया गया। इसके बाद जाकर टंकी से शव बाहर निकालने में सफलता मिली। दरअसल, जमीन से टंकी का ऊपरी हिस्सा लगभग सौ फीट ऊपर है। टंकी के ढक्कन वाली जगह दो फीट चौड़ी है। टंकी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस शाम चार बजे के लगभग मंडलीय अस्पताल पहुंची। टंकी से शव बाहर निकालने के पुलिस के सारे प्रयास असफल रहे तो अंधेरा होने के बाद 11 एनडीआरएफ से संपर्क किया गया। 11 एनडीआरएफ के जवान आए और टंकी के ऊपर चढ़े तो उन्हें शव बाहर निकालने में सफलता नहीं मिली।
यह भी पढ़ें- सूडान से लौटे भारतीयों की आपबीती: एक सप्ताह नहीं सोए, घर की सताती रही याद, सरकार का जताया आभार
एनडीआरएफ के जवानों ने बताया कि शव इस कदर फूल गया है कि उसे टंकी के ढक्कन के रास्ते निकाल पाना संभव नहीं है। उसी दौरान सुझाव आया कि टंकी के ढक्कन वाले स्थान को और चौड़ा कर शव निकालने का प्रयास किया जाए, लेकिन इस पर सहमति नहीं बनी। कारण कि, पानी की टंकी को बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचने की आशंका थी। देर रात जिलाधिकारी एस. राजलिंगम मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग का हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म मंगवाया गया, लेकिन जहां टंकी है वहां पर्याप्त जगह न होने की वजह से उसे इधर से उधर घूमने में काफी दिक्कत हुई। काफी प्रयास के बाद हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म टंकी के समीप पहुंचा। इसके साथ ही अग्निशमन विभाग, पुलिस और एनडीआरएफ के सात जवान टंकी के ऊपर चढ़े। कड़ी मशक्कत के बाद रात सवा एक बजे शव को बाहर निकाल कर नीचे लाने में सफलता मिली।