वाराणसी में कक्षा आठ तक की मान्यता वाले स्कूल में 12वीं तक पढाई कराने पर एक लाख रुपये का अर्थदंड दिया गया है। यह कार्रवाई बीएसए ने औचक निरीक्षण में की। उन्होंने नोटिस भी जारी किया।
कक्षा आठ तक की मान्यता पर इंटरमीडिएट तक कक्षाएं चलाने वाले स्कूल का खुलासा हुआ है। सारनाथ के गंज में मुनेश्वर सरदार पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बीएस इंटर कॉलेज से मिलीभगत कर अवैध ढंग से कक्षा नौ, 10, 11 और 12 की कक्षाएं भी चलाई जा रही थीं। बीएसए ने जांच के बाद विद्यालय से स्पष्टीकरण मांगते हुए एक लाख का अर्थदंड लगाया है।
विज्ञापन
बीएसए डॉ. अरविंद कुमार पाठक ने सूचना मिलने पर विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। पता चला कि विद्यालय को कक्षा एक से पांच और छह से आठ तक की मान्यता मिली है, लेकिन वहां कक्षा नौ से 12वीं तक की कक्षाएं चल रहीं थीं।
कक्षा 10 में 18, कक्षा 11 में आठ और कक्षा 12 में 16 छात्र-छात्राएं मौजूद थे। जांच में मुनेश्वर सरदार बालिका विद्यालय की काटी गई फीस रसीद और बीएस इंटर कॉलेज का प्रवेश फॉर्म बरामद किया गया। बीएसए ने जांच के बाद कार्रवाई की है।