इसके साथ ही पिंडरा में कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व विधायक अजय राय के मुकाबले मौजूदा विधायक डा. अवधेश सिंह पर भरोसा जताया है। हालांकि इस सीट पर अपना दल एस भी दावा जता रही थी। डा. अवधेश सिंह ने पिछली बार इस सीट पर अजय राय को पटखनी देकर भाजपा का खाता खोला था।
शिवपुर से कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर सुभासपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर के बेटे व प्रमुख महासचिव अरविंद राजभर से मुकाबला करेंगे। इस सीट पर पिछली बार अनिल राजभर ने इस सीट को 50 हजार मतों से ज्यादा के अंतर जीता था।
उत्तरी में राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार रविंद्र जायसवाल और दक्षिणी से राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार डा. नीलकंठ तिवारी को प्रत्याशी बनाया गया है। पिछली बार नीलकंठ तिवारी ने कांग्रेस के पूर्व सांसद राजेश मिश्रा को पराजित किया था। कैंट से विधायक सौरभ श्रीवास्तव को भी लगातार दूसरी बार प्रत्याशी बनाया गया है। इससे पहले इनकी मां ज्योत्सना श्रीवास्तव और इससे पहले इनके पिता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव यहां से विधायक थे।
पढ़ेंः भाजपा ने जारी की पूर्वांचल की 25 सीटों के प्रत्याशियों की सूची, वाराणसी में इन पर लगाया दांव
भाजपा ने प्रत्याशी चयन में जातीय समीकरण का पूरा ध्यान रखा है। बलिया से भदोही तक के टिकट चयन में ब्राह्मण, राजपूत, भूमिहार, पिछड़ी जाति के साथ दलित प्रत्याशियों का ख्याल रखा गया है। 45 सीटों पर सात महिला प्रत्याशी हैं।
बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, चंदौली, भदोही, मिर्जापुर और वाराणसी की तीन सुरक्षित सीटों पर प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। इसके अलावा पिछड़ी जाति के सात, छह ब्राह्मण, दो भूमिहार, तीन राजपूत और एक कायस्थ को मौका दिया गया है।
वाराणसी की रोहनिया, सेवापुरी के अलावा मिर्जापुर की छानबे, मझवां, भदोही की ज्ञानपुर, चंदौली की पीडीडी यूनगर और चकिया, गाजीपुर की सैदपुर, जहूराबाद, जमनिया, जौनपुर की बदलापुर, जफराबाद सहित कई सीटों पर दावेदारों की धुकधुकी बढ़ गई है। हालांकि छानबे भी पिछली बार अपना दल एस के पास थी। मगर, बची सीटों पर अब सबकी निगाहें टिकी हैं।
भाजपा की सूची जारी होने के बाद अब विपक्षी दलों पर प्रत्याशी चयन का दबाव बढ़ गया है। कांग्रेस ने पिंडरा से पूर्व विधायक अजय राय और रोहनिया से जिलाध्यक्ष राजेश्वर पटेल को प्रत्याशी बनाया है। ऐसे ही सपा गठबंधन ने केवल शिवपुर से सुभासपा के अरविंद राजभर को उतारा है। इसके अलावा बसपा ने एक भी सीट पर पत्ते नहीं खोले हैं।
पढ़ेंः आजमगढ़ में दो और सीटों पर भाजपा प्रत्याशी घोषित, बसपा से आई वंदना को सगड़ी से टिकट