यूपी के चुनाव प्रभारी व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सह प्रभारी व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ केंद्र व प्रदेश सरकार के मंत्री जगह-जगह सभाएं कर मतदाताओं को रिझाने में जुटे हैं। बृहस्पतिवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ागांव में चुनावी सभा करने के बाद वाराणसी में कैंप शुरू कर दिया है।
शुक्रवार को दोपहर बाद पीएम मोदी ने काशी की सड़कों पर रोड शो के जरिए भाजपा के प्रचार अभियान की धार तेज कर दी है। पीएम दो दिवसीय प्रवास काशी में करेंगे और शनिवार को जनसभा को संबोधित करने के बाद दिल्ली रवाना होंगे।
अंतिम चरण के चुनाव प्रचार थमने से पहले सपा और कांग्रेस भी वाराणसी के जरिए पूर्वांचल की सियासी जमीन को मजबूत करने में जुटी है। एक दिन पहले बृहस्पतिवार को जनसभा को संबोधित करने के बाद शुक्रवार को सपा मुखिया अखिलेश यादव भी सड़कों पर उतर गए।
सिगरा से गिरिजाघर चौराहे तक रोड शो के जरिए अखिलेश ने भी अपनी ताकत दिखाई। उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी दो मार्च से लगातार वाराणसी में डटी हैं और उनके प्रयासों को बल देने के लिए पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी शुक्रवार को पहुंच गए हैं।