उत्तर प्रदेश बोर्ड परीक्षा में बलिया जिले के नकल माफियाओं पर लगाम नहीं लग पा रही है। पिछले एक हफ्ते से कार्रवाई पर कार्रवाई हो रही है, इसके बावजूद तीसरी बार पेपर व्हाट्सएप पर वायरल हुआ है। शिक्षा विभाग खुद हलाकान है कि नकल माफियाओं का एक बड़ा गिरोह पकड़े जाने के बाद भी कई और गिरोह इसमें सक्रिय है।
गुरुवार को यूपी बोर्ड के हाईस्कूल के संस्कृत और इंटरमीडिएट के जीव विज्ञान विषय की परीक्षाएं सुबह की पाली में होनी थी। लेकिन परीक्षा के कुछ समय पहले ही हाईस्कूल के संस्कृत की लिखी हुई कॉपी और इंटरमीडिएट के जीव विज्ञान के प्रश्नपत्र की फोटो कॉपी व्हाट्सएप पर वायरल हो गई। जिससे शिक्षा विभाग में एक बार फिर से हड़कंप मच गया है।
नोडल अधिकारी रामशरण सिंह ने बताया कि भीमपुरा क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज औराई खुर्द के प्रधानाध्यापक की गाड़ी से लिखी हुई कॉपियां बरामद की गई हैं। पूछताछ में प्रधानाध्यापक ने बताया कि किसी ने गुरुवार सुबह 7 बजे से पहले ही वाहन में लिखी हुई कॉपियां रख दी होंगी।
नोडल अधिकारी ने माना कि पेपर लीक हुआ है। उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी इलाहाबाद बोर्ड कार्यालय को दे दी गई है। साथ ही प्रधानाध्यापक समेत एक अन्य कर्मचारी पर एफआईआर दर्ज कराने की कवायद शुरू कर दी है।
भौतिक विज्ञान और गणित का पेपर भी हुआ वायरल
question paper
- फोटो : amar ujala
बता दें कि इसके पहले 22 फरवरी को भी इंटरमीडिएट की दूसरी पाली में भौतिक विज्ञान की परीक्षा थी। परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले प्रश्नपत्र संख्या 346 (एफआई) का पेपर और हल की हुई कॉपी वायरल होने लगी थी।
फिर 25 फरवरी को दूसरी पाली में यूपी बोर्ड के इंटरमीडिएट के गणित की परीक्षा थी। लेकिन इसी बीच परीक्षा शुरू होने से डेढ़ घंटे पहले ही व्हाट्सएप पर गणित के सीरीज 324 (ईएन) प्रश्नपत्र की हल की गई कॉपी वायरल हुई थी।
हालांकि शुरुआत में वायरल हुई हल कॉपियों पर कहीं भी प्रश्नपत्र का सीरीज नंबर अंकित नहीं होने के कारण ऊहापोह की स्थिति रही। लेकिन परीक्षा शुरू होने के बाद यह स्थिति साफ हो गई और नकल माफिया हल कापियों को संबंधित केंद्रों पर धड़ल्ले से पहुंचाते रहे।
एसटीएफ की टीम ने की थी कार्रवाई
ballia
- फोटो : amar ujala
इसके बाद 25 फरवरी की शाम तक बलिया में एसटीएफ की टीम ने 10 लोगों को गिरफ्तार किया था। जिनके पास से लिखित इंटरमीडिएट गणित की 38, रसायन विज्ञान 49, भौतिक विज्ञान की 52 और हिंदी की 55 कॉपियां भी बरामद की थी। इसके अलावा टीम ने पकड़े गए लोगों से इंटरमीडिएट गणित की चार गाइड, एक मोबाइल और अन्य नकल के दस्तावेजों को भी बरामद किया था।