बलिया जिले के सुखपुरा स्थित अस्थायी जेल से शनिवार की रात दुष्कर्म का एक आरोपी फरार हो गया है। उसे पकड़ने के लिए जेल एवं सिविल पुलिस लगातार रात से ही जगह-जगह दबिश दे रही है, लेकिन अभी तक वह पकड़ा नहीं जा सका है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि रेवती थाना क्षेत्र के एक गांव का निवासी सुनील गौड़ धारा 376 में आरोपी था। उसे 11 अक्टूबर को सुखपुरा स्थित अस्थाई जेल में निरुद्ध किया गया था। वहां से वह शनिवार की रात फरार हो गया।
उसकी गिरफ्तारी के लिए जेल एवं सिविल पुलिस लगातार दबिश दे रही है। रविवार को अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने अस्थायी जेल सुखपुरा पर पहुंच कर जांच पड़ताल की एवं अधीनस्थों को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
गौरतलब हो कि जिला कारागार में अत्यधिक बरसात से हुए जलभराव के कारण सुखपुरा स्थित न्यू सीएचसी को अस्थाई जेल बनाया गया था और कई कैदियों व बंदियों को वहां रखा गया था। अभी मामले में किसी जेलकर्मी के खिलाफ किसी कार्रवाई की सूचना नहीं है।