लोहता। विद्यापीठ विकास खंड के दो गांवों में जल्द ही हाईटेक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन गांवों के हर चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे के साथ वाईफाई की सुविधा मिलेगी। अभी तक शहर के ही चौराहों पर ही सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, लेकिन अब ये गांव भी कैमरे की निगरानी में होंगे। गांवों के चयन के लिए कमेटी बनाई गई।
काशी विद्यापीठ विकास खंड के दो गांवों को पायलट प्रोजेक्ट के तहत हाईटेक बनाने की सरकार की योजना है। इस पर काम भी शुरू हो गया है। सबसे पहले इन गांवों में वाईफाई लगाई जाएगी, ताकि उसका लाभ गांवों में पढ़ने वाले प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र-छात्राओं को मिल सके। इसके साथ ही गांवों के हर चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। ताकि कोई भी घटना हो तो अपराधियों को आसानी से पकड़ा जा सके। विकास खंड के 66 ग्रामसभा से दो गांवों को चुना जाएगा। इसके लिए खंड विकास अधिकारी ने एडीओ पंचायत की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाकर गांव के चयन की कार्यवाही शुरू कर दी है।
कोट
पायलट प्रोजेक्ट के तहत दो गांवों का चयन किया जाएगा। इसको माडल गांव के रुप में बनाया जाएगा। कैमरे और वाईफाई सुविधा होगी। -डॉ. रक्षिता सिंह, खंड विकास अधिकारी काशीविद्यापीठ