स्मार्ट सिटी की ओर से शहर की दो पार्किंग परियोजना तीन महीने के भीतर पूरी होंगी। टाउनहाल पार्किंग परियोजना अक्तूबर और बेनियाबाग पार्किंग परियोजना को नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि जिस गति से निर्माण हो रहा है। उससे हम लोग समय से काम पूरा करा लेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पिछले वाराणसी दौरे पर इन दोनों परियोजनाओं को निर्धारित अवधि में पूरा कराने का निर्देश दिया था।
मैदागिन स्थित टाउनहाल परिसर में वाराणसी स्मार्ट सिटी की ओर से 23.31 करोड़ रुपये की लागत से पार्क व अंडरग्राउंड पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। इसमें पार्क एंट्रेंस प्लाजा व टिकट बूथ, ओपेन जिम, योग गार्डन, सैंड पिट, बच्चों के खेलने की जगह, लैंड स्केपिंग, फुटपाथ, जॉगिंग ट्रैक, बैठने के लिए स्थान, वेंडिंग जोन आदि से लैस होगा। पूरा परिसर दिव्यांगजनों के अनुकूल बनाया जाएगा। रैंप, बैठने के लिए स्थान, सीढ़ियों पर रेलिंग, व्हील चेयर के लिए सुविधा आदि, अंडर ग्राउंड पार्किंग बनाई जा रही है। 5500 वर्ग मीटर निर्माण क्षेत्र में अलग-अलग प्रवेश व निकासी द्वार है। पार्किंग की क्षमता 200 दोपहिया व 150 चार पहिया वाहन खड़ा करने की है। भविष्य में इसकी क्षमता बढ़ाने के दृष्टिगत हाइड्रोलिक स्टैक सिस्टम भी लगाया जा रहा है। इसे अक्तूबर तक तैयार करने का लक्ष्य है।
इसी तरह 90.41 करोड़ की लागत से बेनियाबाग क्षेत्र में पार्क व अंडरग्राउंड पार्किंग का निर्माण कराया जा रहा है। पार्किंग की क्षमता 16,500 वर्ग मीटर क्षेत्र में है। इसकी क्षमता 470 चार पहिया व 130 दो पहिया वाहनों को खड़ा करने की है। पार्क में फुटबाल ग्राउंड, एम्यूजमेंट एरिया, ओपेन जिम, योग गार्डन आदि से लैस होगा। इस कार्य को नवंबर तक पूरा कराना है।
--
जाम से राहत दिलाएगी पार्किंग
बेनियाबाग और टाउनहाल पार्किंग सुविधा मिलने के बाद नई सड़क, गिरजाघर, चौक, बांसफाटक, मैदागिन, बुलानाला, नीचीबाग इलाकों में सड़कों पर खड़े वाहनों से मुक्ति मिलेगी। इसके अलावा इन इलाकों में लगने वाले जाम से भी राहत मिलेगी।
स्मार्ट सिटी की ओर से टाउनहाल में पार्किंग का निर्माण कार्य तेजी से कराया जा रहा है। यह कार्य अक्तूबर में पूरा हो जाएगा। इसके अलावा बेनियाबाग पार्किंग का निर्माण कार्य नवंबर में पूरा होगा। -डी वासुदेवन, महाप्रबंधक, स्मार्ट सिटी