एक तरफ जहां स्कूल में सभी कक्षाएं शुरू होने जा रही हैं। वहीं दूसरी तरफ कई खेल संघ और बीएचयू क्रीड़ा परिषद शून्य बजट खेल उत्सव मनाने की तैयारी में है। इसके तहत जिले के स्कूलों (सरकारी, गैर सरकारी) को जोड़ते हुए छात्रों को पढ़ाई के साथ साथ खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। साथ ही उनकी प्रतिभा को निखारकर प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कराकर अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर तक की प्रतियोगिताओं के लिए सहयोग किया जाएगा। जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव सत्यवर्धन सिंह का कहना है करीब 70 स्कूलों को ईमेल करके उनकी प्रतिक्रिया मांगी गई है। स्कूलों की प्रतिक्रिया मिलते ही अगले माह से स्कूलों में प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा।
इस संबंध में 29 अगस्त को बीएचयू के शारीरिक विज्ञान संस्थान में कई खेल संघों ने बैठकर खाका तैयार किया। बीएचयू क्रीड़ा परिषद के महासचिव प्रो. अभिमन्यु सिंह ने बताया कि शून्य बजट खेल उत्सव के तहत जिले के उन प्रमुख स्कूलों को जोड़ा जाएगा। जहां खेल के संसाधन और सुविधाएं होंगी। इस दौरान स्कूल बसों का इस्तेमाल कर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण स्थल तक पहुंचाया जाएगा। इन्हीं में प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन कर खेल उत्सव के तहत अंतर विद्यालयीय प्रतियोगिताएं भी कराई जाएंगी। इसमें प्रतिभावान खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग कराने में सहयोग भी किया जाएगा। इसके लिए बीएचयू के खेल मैदान भी खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रशिक्षक मुहैया कराने में सहयोग करेगा।