चिलकहर। गड़वार थाना क्षेत्र के सिहाचंवर गांव मे रास्ते को लेकर चल रहे विवाद में दबंगों ने जमकर मारपीट कर दी। इसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोग सभी घायलों को नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने जिला अस्पताल और वहां से एक की गंभीर अवस्था देखते हुए वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। शनिवार को इलाज के दौरान वाराणसी में उसकी मौत हो गई।
सिहाचंवर निवासी राजमंगल गुप्ता (42) और गांव के ही एक दबंग के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद में दबंगों ने शुक्रवार को राजमंगल गुप्ता, शिवमंगल गुप्ता तथा कृष्णावती देवी (34) पत्नी राजमंगल गुप्ता की बुरी तरह पिटाई कर दी। तीनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने राजमंगल को बीएचयू रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बीएचयू ले गए, जहां उपचार के दौरान शनिवार के दिन उनकी मौत हो गई। वहीं एक और की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। मामले को लेकर गांव में अभी भी काफी तनाव व्याप्त है। लोगों में पुलिस के प्रति तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक श्रीधर पांडेय ने बताया कि इस मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर मामले की जांच की जा रही है।