यूपी के चंदौली में बैंकों के एटीएम में रुपये डालने के लिए निकली सीएमएस कंपनी के वैन से मुगलसराय क्षेत्र में रहस्यमय स्थिति बक्सा सहित उसमें रखा 38 लाख रुपये गायब हो गए। इसकी जानकारी वैन सवार कर्मियों को शनिवार की शाम तीन बजे हुई।
इसके बाद कर्मचारियों ने इसकी सूचना वाराणसी स्थित कंपनी के मैनेजर को दी। सूचना के बाद सीएमएस कंपनी के मैनेजर की तरफ से मिली तहरीर के आधार पर पुलिस ने वैन के एक गार्ड, चालक सहित दो कस्टोडियन के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया।
रविवार को कोतवाली पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने वैन के गार्ड, चालक और दोनों कस्टोडियन से पूछताछ करने में जुटी रही। सीएमएस कंपनी बैंकों के एटीएम में रुपये भरने का कार्य करती है।
पुलिस के अनुसार शनिवार की सुबह वाराणसी के सिगरा स्थित सीएमएस के कार्यालय से विभिन्न बैंकों के एटीएम में रुपये भरने के लिए 63 लाख रुपये कस्टोडियन सत्येन्द्र सिंह, अभिषेक चौबे के सुपुर्द किए गए। रुपयों को एक बक्से में भरकर वैन में रखा गया।
इसके बाद चालक सुरेश कुमार पांडेय और गार्ड अग्रसेन के साथ रुपये भरने के लिए निकल पड़े। रामनगर व हाईवे स्थित स्थित एटीएम में रुपये भरने के बाद वैन ने मुगलसराय में दिन में लगभग साढ़े बारह बजे कालीमहाल स्थित एक एटीएम में रुपये भरे। इसके बाद वैन लेकर अलीनगर की ओर निकल गए।