मिर्जापुर जनपद के अदलहाट बाजार के गौरहीं मोड़ पर सोमवार शाम वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रही बस में सवार एक महिला पांच माह की बच्ची को दूसरी महिला को सौंपकर भाग गई। पुलिस की सूचना पर मंगलवार को पहुंचे चाइल्ड केयर के कार्यकर्ता बच्ची को अपने साथ ले गए।
सोमवार शाम एक प्राइवेट बस वाराणसी से सोनभद्र की ओर जा रही थी। बस अदलहाट बाजार के गौरहीं मोड़ के पास पहुंची तो इसमें सवार एक महिला ने शौच करने के बहाने बस को रोकवाया। बस से उतर कर उसने एक स्थानीय महिला को शौच जाने का बहाना बनाकर बच्ची को संभालने के लिए दे दिया। बाद में खुद बस से निकल गई।
उधर, बच्ची को लेकर इंतजार कर रही गौरहीं गांव निवासी सविता पत्नी विंदेश्वरी ने बताया कि बच्ची पांच माह की है। देर शाम तक उसकी मां के बारे में कोई जानकारी न होने पर सविता ने बच्ची को गांव के ही पूजा पटेल पत्नी रवि सिंह को भरण पोषण के लिए सौंप दिया। मंगलवार सुबह इसकी सूचना अदलहाट थाने को दी गई। पुलिस की सूचना पर चाइल्ड केयर के कार्यकर्ता उसे अपने साथ ले गए। बच्ची को गोद लेने के लिए थाने पर बैठी पूजा पटेल इससे मायूस हो गई।