आजादी के अमृत महोत्सव के तहत स्वतंत्रता संग्राम में अहम भूमिका निभाने वालों को अलग-अलग कार्यक्रमों के माध्यम से याद किया जा रहा है। काशी के कई ऐसे विद्यालय हैं, जहां क्रांतिकारी आंदोलनों में सहभागी बनने वाले कई पुरातन छात्र हैं। अब ऐसे सभी पुरातन छात्रों की गौरव गाथा के बारे में छात्रों को बताया जाएगा। इसके लिए विवरणिका भी तैयार कराई जाएगी।
साथ ही विद्यालय में विशिष्ट पुरातन छात्रों की एक सूची भी तैयार करवाई जाएगी, जिससे कि नए छात्र अपने पुरातन छात्रों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सके। जिले में राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज, सीएम एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, बंगाली टोला इंटर कॉलेज, हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज सहित बहुत से ऐसे विद्यालय हैं, जहां से पढ़ाई करने वाले बहुत से छात्र साहित्यकार, स्वतंत्रता संग्राम में सहभागी बनने के साथ ही प्रशासनिक, राजनीतिक, संगीत आदि क्षेत्र में उच्च पदों पर आसीन हुए। समय-समय पर कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें याद तो किया जाता है लेकिन अब ऐसे छात्रों के सफलता, जीवन से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण प्रसंगों के बारे में भी छात्र जान सकेंगे।
हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज में लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर होगा भवन
हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज के पुरातन छात्र रहे पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर एक भवन का नाम किया जाएगा। इसके साथ ही यहां स्वतंत्रता आंदोलन में इनके योगदान से जुड़ी जानकारियों पर आधारित योगदान पट्टिका भी लगाई जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. विनोद कुमार राय ने बताया कि शासन के निर्देश पर एक विद्यालय का चयन करने का निर्देश दिया गया था। इसके तहत ही हरिश्चंद्र इंटर कॉलेज में एक भवन का नाम पूर्व छात्र शास्त्री के नाम पर रखा जाएगा।