इसमें पुलिस आयुक्त आवास, आरएसएस ऑफिस, बीएचयू न्यू टीचर्स फ्लैट, बीएचयू कैंपस, सजोई, महमूरगंज, बीएलडब्लू सहित कई जगहों पर नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा एलायंस हॉस्पिटल में भर्ती गोपालपुर निवासी 87 वर्षीय पुरुष, बीएचयू अस्पताल में भर्ती भरतपुर निवासी 59 वर्षीय पुरुष और मंडलीय अस्पताल में लमही निवासी 55 वर्षीय पुरुष की मौत हुई है।
इसके अलावा रविवार को 158 लोगों को होम आइसोलेशन में स्वस्थ घोषित किया गया जबकि 34 लोग अस्पताल से डिस्चार्ज किए गए हैं। अब कुल संक्रमित 81688 में 79715 मरीजों के डिस्चार्ज होने 751 की मौत के बाद अब 1222 एक्टिव मरीज हैं।
वाराणसी जिले में कोरोना टीकाकरण के लिए रविवार से एक सप्ताह के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की व्यवस्था शुरू हुई। 18 से 44 साल वाले लोगों में टीकाकरण को लेकर उत्साह इतना अधिक है कि देखते ही देखते कुछ ही घंटे में स्लॉट बुक हो गए। ऐसे लोगों को अब 31 मई से 5 जून तक टीका भी लगाया जाएगा।
टीकाकरण के प्रति लोगों की बढ़ती रुचि को देखते हुए केंद्र की संख्या भी बढ़ा दी गई है। सीएमओ डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि सोमवार को जिले में 101 केंद्रों पर टीका लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसमें सरकारी कार्यालयों को भी शामिल किया गया है। 18 से 44 साल वालों के लिए 33 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि 45 से अधिक उम्र वालों के लिए भी 68 केंद्र पर टीकाकरण की व्यवस्था की गई है।
वाराणसी जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में अब तेजी से कमी आने के साथ ही अस्पतालों में खाली होने वाले बेड की संख्या भी बढ़ती जा रही है। अस्पतालो मे आईसीयू में ही 558 बेड खाली है जबकि ऑक्सीजन वाले 1385 बेड पर भी कोई मरीज नहीं है। ऐसे में मरीजों को इलाज के लिए जरूरत पड़ने पर अब परेशान होने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आठ सरकारी अस्पतालों में 1033 जबकि 50 निजी अस्पतालों में भी 1381 बेड हैं। अब कुल 2414 बेड में 1943 खाली हैं। अब बस 471 बेड पर ही मरीज हैं। इसमें सरकारी अस्पतालों में 793 जबकि निजी अस्पतालों में 1150 बेड खाली हो गए हैं।