महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में सत्र 2021-22 के लिए ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरने की तिथि को चौथी बार सात जून तक बढ़ा दिया है। दाखिले के इच्छुक छात्र विलंब शुल्क के साथ 22 जून तक प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे।
कुलसचिव डॉ. एसएल मौर्य ने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए 30 मई तक अंतिम तिथि को बढ़ाया था। कोविड संक्रमण को देखते हुए अंतिम तिथि को बिना किसी विलंब शुल्क के सात जून तक बढ़ा दिया गया है। छात्र 200 रुपये विलंब शुल्क के साथ 17 जून और पांच सौ रुपये विलंब शुल्क के साथ 22 जून तक प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन कर सकेंगे।
काशी विद्यापीठ : परीक्षाओं को लेकर संशय बरकरार
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में स्नातक की वार्षिक परीक्षा अप्रैल में प्रस्तावित थी। विश्वविद्यालय ने प्रश्नपत्रों का मुद्रण भी करा लिया गया था। यही नहीं स्नातकोत्तर प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा को लेकर भी विश्वविद्यालय प्रशासन ने रूपरेखा तैयार कर ली थी। लेकिन महामारी ने परीक्षाओं की रूपरेखा पर ब्रेक लगा दिया। संक्रमण कम होने के बावजूद परीक्षाओं की तिथि को लेकर संशय की स्थिति बनी हुई है।
उधर, शासन द्वारा गठित समिति ने स्नातक व स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष को छोड़कर शेष खंडों के छात्रों को बगैर परीक्षा के अगली कक्षा में प्रोन्नत करने की सिफारिश की है। कुछ शिक्षक संगठनों ने कोरोना संक्रमण कम होने पर सभी कक्षाओं की परीक्षा कराने का सुझाव दिया है। ऐसे में बगैर परीक्षा के छात्रों को यदि प्रमोट किया गया तो प्रश्न पत्रों की प्रिंटिंग का लाखों रुपये डूबना तय है।