बीएचयू में स्वतंत्रता भवन सभागार के पास बीवोक की छात्रा से छेड़खानी के मामले में पीड़िता का कलम बंद बयान दर्ज किया जाएगा। मामले में दो आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर बुधवार को टिकरी स्थित घर पर पुलिस ने दबिश भी दी। उधर, हैदराबाद गेट पर महिला प्रोफेसर से अभद्रता मामले में दो छात्रों में से एक का डोजियर पुलिस के हाथ लगा है।
आरोपी रुइया हॉस्टल में अकसर आता जाता था। लंका इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि छात्रा छेड़छाड़ मामले में तीसरा आरोपी बाइक चला रहा था। उसकी तलाश की जा रही है। उधर, बीएचयू में करीब 75 सिक्योरिटी गार्ड बढ़ाए जा रहे हैं। मंगलवार को इंटरव्यू लिया गया था।
257 कैमरे खंगालने पर भी विक्की का पता नहीं
भदैनी में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की हत्या की जांच में जुटी भेलूपुर पुलिस को अभी तक ठोस साक्ष्य नहीं मिल पाया है। शक के घेरे में भतीजे विशाल गुप्ता उर्फ विक्की की पहचान 257 सीसी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद भी नहीं हो सकी। काशी आने के बाद उसने 24 अक्तूबर को अपने सभी फोन बंद कर लिए। सबसे पहले अपनी दादी शारदा देवी से मिला था।
दादी की याददाश्त उतनी अच्छी नहीं है, वह पुलिस को स्पष्ट नहीं बता पा रही हैं। विक्की के दोस्तों के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है। भेलूपुर थाने के भदैनी निवासी राजेंद्र गुप्ता, उसकी पत्नी नीतू, तीन बच्चों नमनेंद्र, सुबेंद्र व गौरांगी का शव पांच नवंबर को उनके घर में मिला था। सभी की गोली मारकर हत्या की गई थी।
सिंचाई विभाग के कर्मी की हत्या में दो गिरफ्तार
बड़ागांव के चिमटहिया गांव में बेटी के घर बरामदे में सो रहे सिंचाई विभाग के कर्मी जगन्नाथ पटेल (55) की लाठी से पीटकर हत्या के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने लखंसीपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से लाठी भी बरामद हुई। आरोपियों को जेल भेज दिया गया। आरोपियों की पहचान सोनपुरवां गांव निवासी रिंकू ऊर्फ नागेंद्र और परमेश के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दे रही है।
हनुमान मंदिर का दरवाजा तोड़कर चोरी
फूलपुर थाने क्षेत्र के थाना (बड़ी पर) के हनुमान मंदिर में बीती रात चोरी हो गई। घंटा-घड़ियाल बर्तन समेत अन्य सामान चोरी हुए। पुजारी बीरबल ने बताया कि मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर मंदिर के अंदर जंजीर में बंधे 50 किलो के दो घंटे, बर्तन, तांबे का शेष नाग व पूजा पाठ के बर्तन चोरी हुए हैं।
लूट के मामले में वांछित गिरफ्तार
विवाहिता से बैग लूटने के मामले में वांछित को मंडुवाडीह पुलिस ने एफसीआई गोदाम के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लूट के 2100 रुपये बरामद हुए। इंस्पेक्टर भरत उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कुमार भारद्वाज उर्फ विनय राय निवासी अखरी, कुरुहुआ रोहनिया के रूप में हुई है। दो आरोपी पूर्व में जेल जा चुके हैं।
नशे में घर पहुंचे युवक की संदिग्ध हाल में मौत
आदमपुर थाने क्षेत्र के कोनिया निवासी गोपाल विश्वकर्मा (35) की घर के में बीती रात संदिग्ध हाल में मौत हो गई। पुलिस ने गोपाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, गोपाल शराब के नशे में था। इस दौरान उसका परिवार के लोगों से विवाद हुआ। इसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। गोपाल की शादी तीन वर्ष पहले हुई थी। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
छात्रा से मारपीट और छेड़खानी के मामले में केस
स्नातक की छात्रा के साथ मारपीट और छेड़खानी के मामले में लंका थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। लंका थाना क्षेत्र के रमना मलहिया निवासी पिता ने बताया कि बेटी स्नातक द्वितीय वर्ष की छात्रा है। कॉलेज से घर लौटते समय गांव के मनबढ़ विवेक ने उसे जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया।
मारपीट के आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
लंका थाना क्षेत्र के त्रिदेव धाम अपार्टमेंट के बाहर मारपीट के मामले में नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया। पीड़ित हेमंत सिंह यादव ने बताया कि वह फ्लैट में जा रहे थे। नीरज सिंह और प्रदीप पाठक गाड़ी खड़ी कर शराब पी रहे थे। गाड़ी हटाने के लिए कहने पर सभी ने पिटाई कर दी है।
मारपीट कर पैसा छीनने का लगाया आरोप
मंडुवाडीह थाने क्षेत्र के पहाड़ी निवासी प्रकाश गुप्ता ने आरोप लगाया कि 9 नवंबर की रात दो युवकों ने अमरा खैरा में उनकी पिटाई कर जेब से 10 हजार रुपये छीन लिए। थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने अभिषेक सिंह व बेचु केशरी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
रंजिश में अधेड़ की पिटाई, केस दर्ज
केराकतपुर गांव में रंजिश को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट में रमेश पाल (55) घायल हो गए। रमेश की तहरीर पर शनि कुमार पटेल, सूरज प्रसाद के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया है।
विवाहिता से दुष्कर्म के मामले में मुकदमा
जंसा थाने क्षेत्र के एक गांव में विवाहिता से दुष्कर्म के मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। विवाहिता का आरोप है कि अजीत राजभर ने झांसा देकर 18 अक्तूबर को घर में घुसकर दुष्कर्म किया।
चोरी के आरोपी को ग्रामीणों ने दौड़ाकर पकड़ा
ग्राम पंचायत खानपुर में बीती रात घरों में चोरी करने के प्रयास में एक युवक को ग्रामीणों ने दौड़ा कर पकड़ा और पीटने के बाद पुलिस को सौंपा।
बीएचयू : डे केयर सेंटर में 20 बच्चों का दाखिला
बीएचयू में पहली बार प्रोफेसरों और कर्मचारियों के बच्चों की देखभाल के लिए डे केयर सेंटर चलाया जा रहा है। आईआईटी के पूर्व डायरेक्टर प्रो. पीके जैन के आवास को डे केयर सेंटर में तब्दील किया गया है। आज बाल दिवस पर आईआईटी-बीएचयू के डायरेक्टर प्रो. अमित पात्रा इसका उद्घाटन करेंगे। इसका नाम है लिटिल ब्लॉसम।
इस डे केयर में अब तक 19 बच्चों का एडमिशन हो चुका है। यहां 40 बच्चों के रखे जाने की व्यवस्था है। यहां पढ़ाई, खेल, सोने के साथ ही मनोरंजन की भी सुविधा है। उद्घाटन से पहले ही यहां पर बुकिंग हो गई है। 15-20 दिनों से वैज्ञानिक और प्रोफेसर अपने बच्चों को यहां छोड़कर लैब में रिसर्च या क्लास ले रहे हैं।
सिंचाई विभाग के कर्मी की हत्या में दो गिरफ्तार
चिमटहिया गांव में बेटी के घर बरामदे में सो रहे सिंचाई विभाग के कर्मी जगन्नाथ पटेल (55) की लाठी से पीटकर हत्या के मामले में दो आरोपियों को पुलिस ने लखंसीपुर मोड़ के पास से गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से लाठी भी बरामद हुई। आरोपियों को जेल भेज दिया गया। आरोपियों की पहचान सोनपुरवां गांव निवासी रिंकू ऊर्फ नागेंद्र और परमेश के रूप में हुई है। प्रभारी निरीक्षक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दे रही है।
हनुमान मंदिर का दरवाजा तोड़कर चोरी
फूलपुर थाने क्षेत्र के थाना (बड़ी पर) के हनुमान मंदिर में मंगलवार रात चोरी हो गई। घंटा-घड़ियाल बर्तन समेत अन्य सामान चोरी हुए। पुजारी बीरबल ने बताया कि मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर मंदिर के अंदर जंजीर में बंधे 50 किलो के दो घंटे, बर्तन, तांबे का शेष नाग व पूजा पाठ के बर्तन चोरी हुए हैं।
लूट के मामले में वांछित गिरफ्तार
विवाहिता से बैग लूटने के मामले में वांछित को मंडुवाडीह पुलिस ने बुधवार को एफसीआई गोदाम के पास से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से लूट के 2100 रुपये बरामद हुए। इंस्पेक्टर भरत उपाध्याय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनय कुमार भारद्वाज उर्फ विनय राय निवासी अखरी, कुरुहुआ रोहनिया के रूप में हुई है। दो आरोपी पूर्व में जेल जा चुके हैं।
25 दिन बाद भी शुरू नहीं हुआ सिगरा स्टेडियम
डॉ. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के लोकार्पण के 25 दिन बाद भी इसके शुरू नहीं होने पर खफा सपा नेताओं ने बुधवार को क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी विमला सिंह को ज्ञापन सौंपा। सपा नेताओं ने कहा कि 20 अक्तूबर को सिगरा स्टेडियम का लोकार्पण हुआ। अब तक खिलाड़ियों और मार्निंग वॉकर का प्रवेश वर्जित रखा गया है। मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आंदोलन करेंगे।
वही, इस मामले में भाजपा एमएलसी धमेंद्र राय ने कहा कि सस्ती लोकप्रियता के लिए सपा इस तरह के नाटक से बाज आए। उन्हें विकास की रफ्तार नहीं सुहाती है। खिलाडि़यों की प्रतिभा को निखारने के लिए स्टेडियम का कायाकल्प किया गया है।
चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की जीएम से शिकायत
बरेका में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की फैमिली फर्म पर ठेका लेने की शिकायत रेलवे बोर्ड, महाप्रबंधक, विजिलेंस समेत अन्य अधिकारियों से की गई है। आरटीआई कार्यकर्ता ने अधिकारियों को शिकायती पत्र साक्ष्य के साथ भेजा है। राजीव रतन ने आरोप लगाया कि बरेका में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी होते हुए भी वह फॉर्च्यूनर से चलता है। परिवार के फर्म पर ठेका लेता है। कुछ साल पहले प्रभाव दिखाते हुए अपना स्थानांतरण तक रद्द करवा चुका है।
पुरानी पेंशन के प्रावधान को यूपीएस में लागू करें
उत्तरीय रेलवे मजदूर यूनियन के महासचिव बीसी शर्मा ने कहा कि यूपीएस में ओल्ड पेंशन स्कीम के प्रावधानों को जब तक लागू नहीं किया जाता, कर्मचारी उसे स्वीकार नहीं करेंगे। चुनाव खत्म होने के बाद आंदोलन किया जाएगा। बुधवार को कैंट स्टेशन के गेट मीटिंग में आवाज बुलंद की। इस दौरान अवधेश दुबे, आरपी राव, अजय दुबे, मीना, एसपी श्रीवास्तव, तारकनाथ ने संबोधित किया। संचालन शाखा मंत्री विंध्यवासिनी यादव ने किया।
होटल के एक्जॉस्ट फैन में लगी आग
अस्सी के एक होटल के किचन में लगे एक्जॉस्ट फैन में अचानक आग लग गई। कर्मचारियों की सूझबूझ से तुरंत आग पर काबू पा लिया गया। आग की वजह चिमनी में तेल जमने को बताया गया है।
छह ड्रम केबल चोरी में मिली जमानत
सिविल जज (सीनियर डिविजन/फास्ट ट्रैक कोर्ट) युगल शंभू की अदालत ने छह ड्रम केबल चोरी के मामले में आरोपी अभिषेक सिंह को 25-25 हजार रुपये की दो जमानत और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया है। करखियांव, फूलपुर निवासी चंदन कुमार सिंह ने लालपुर-पांडेयपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
गैर इरादतन हत्या में जमानत अर्जी खारिज
विशेष न्यायाधीश (आवश्यक वस्तु अधिनियम) मनोज कुमार सिंह की अदालत ने गैर इरादतन हत्या के मामले में आरोपी महिला चंदा देवी की जमानत अर्जी खारिज कर दी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, तारापुर और चितईपुर निवासी संजय साहनी ने चितईपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इंटरसिटी एक्सप्रेस में मिला यात्री का शव
गाजीपुर के दुल्लहपुर रेलवे स्टेशन पर बुधवार को पहुंची गोरखपुर वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस में एक यात्री का शव मिला। जीआरपी ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। आधार कार्ड से मृतक की पहचान वाराणसी निवासी राजेश कुमार गुप्ता (52) के रूप में हुई।
एआरटी से संक्रमितों का जीवन सुगम
बीएचयू अस्पताल स्थित एआरटी सेंटर पर आयोजित सामाजिक सुरक्षा योजना जागरूकता शिविर में एचआईवी संक्रमितों को जागरूक किया गया। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. पीयूष राय ने कहा कि एआरटी की दवा आने से एचआईवी संक्रमितों का जीवन सुगम हो गया है। आईएमएस बीएचयू की प्रो. मनस्वी चौबे ने स्पॉन्सरशिप स्कीम के बारे में बताया।
मीरघाट फायरिंग कांड : पांच के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई
वाराणसी। चार महीने पहले 30 जून को मीरघाट में सपा नेता विजय यादव विज्जू के घर पर फायरिंग कर मासूम समेत अन्य को घायल करने वाले पूर्व पार्षद अंकित यादव समेत पांच आरोपियों के खिलाफ दशाश्वमेध पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इस मामले में वांछित प्रशांत यादव निवासी ईश्वरगंगी, जैतपुरा को विश्वनाथ गली के सामने से गिरफ्तार किया गया।
एसीपी दशाश्वमेध प्रज्ञा पाठक ने बताया कि आरोपियों में सुतटोला रामघाट का गोविंद यादव, कोतवाली के मच्छोदरी श्याम बाजार निवासी पूर्व पार्षद अंकित यादव, रामनगर के सूजाबाद निवासी साहिल यादव उर्फ अतुल और चौक के सिद्धेश्वरी शीतला गली निवासी शिवम शर्मा और शोभित शर्मा सगे भाई भी शामिल हैं।
जल संरक्षण करना सबसे बड़ा पुण्य
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने कहा कि जल के संरक्षण के लिए प्रयत्नशील लोगों के पुण्य का वर्णन आसान नहीं है। जीवनदायी जल के संरक्षण के लिए हर व्यक्ति को सचेत होना चाहिए। वह केदारघाट स्थित श्रीविद्यामठ में आईसीए हेल्थ एंड इन्वायरमेंटल सोसाइटी की ओर से आयोजित जल सभा को संबोधित कर रहे थे।
पंचायती निर्वाणी अखाड़े के स्वामिश्री प्रखर महाराज ने कहा कि जल का संरक्षण जीवन का संरक्षण है। संस्था के सचिव अभय शंकर तिवारी ने कहा कि देश के अन्य राज्यों में भी जल सभा होगी। इस दौरान अनिल कुमार, सुनील शुक्ला, साध्वी पूर्णांबा दीदी, परमात्मानंद, संजय पांडेय आदि मौजूद रहे।
कार्तिक पूर्णिमा तक पूजे जाएंगे गंगापुत्र भीष्म
कार्तिक शुक्ल एकादशी से पूर्णिमा तक काशी के प्रमुख घाटों पर भीष्म पितामह का पूजन होगा। बुधवार को कार्तिक शुक्ल द्वादशी पर गंगा घाट पर भीष्म का पूजन हुआ। मान्यता है कि देव प्रबोधिनी एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक गंगा स्नान के बाद भीष्म की पूजा करने से सभी तरह के पापों से मुक्ति मिलती हैं। महिलाएं भोर से ही गंगा की मिट्टी से तैयार भीष्म की प्रतिमा का पूजन कर रही हैं। तुलसी घाट, केदार घाट और पंचगंगा घाट के अलावा कुछ और घाटों पर पूजा हो रही है।
बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ थीम पर बनाई पेंटिंग
राजकीय बालिका गृह में बाल कार्निवाल में पेंटिंग प्रतियोगिता हुई। बालिकाओं ने बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ समेत स्वच्छता अभियान की थीम पर पेंटिंग बनाईं। प्रथम स्थान पर दुर्गा, द्वितीय पर सोनिया और तृतीय पर अनुष्का रहीं। विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया। मुख्य अतिथि बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. अखिलेश कुमार, बाल संरक्षण अधिकारी निरुपमा सिंह मौजूद रहे।
प्रशिक्षु आईएएस ने तहसील का कामकाज देखा
प्रशिक्षु आईएएस का एक दल पिंडरा तहसील और पीएचसी के साथ हॉट बाजार पहुंचा। एसडीएम प्रतिभा मिश्रा ने उनका स्वागत किया। तहसील क्षेत्र में होने वाले सरकारी कामकाज के बारे में बताया। रसूलपुर के सचिवालय में ग्रामीणों से मुलाकात की। पिंडरा पीएचसी पहुंचकर इलाज, पंजीकरण, प्रसव और भुगतान की व्यवस्था की जानकारी ली। प्रशिक्षु आईएएस ने बच्चों के साथ मिड डे मील का स्वाद भी चखा। सभी ने रामेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की।
मरीजों के लिए दिए दो व्हीलचेयर
नर सेवा नारायण सेवा के तहत लायंस क्लब ने बुधवार को माता आनंदमयी अस्पताल में मरीजों की सुविधा के लिए दो व्हीलचेयर भेंट किए। मंडल अध्यक्ष बलबीर सिंह बग्गा ने अस्पताल प्रशासन को समय-समय पर मरीजों की सेवा के लिए कदम बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम में आलोक कृष्ण अग्रवाल, डॉ. वी. के शुक्ला, डॉ. एके देव, डॉ. केके पांडेय, वैभव मेहरोत्रा आदि मौजूद रहे।
अधिवक्ताओं का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
सेंट्रल बार के सभागार में हड्डी रोग से संबंधित जांच शिविर का आयोजन हुआ। जिला जज संजीव कुमार पांडेय ने शुभारंभ किया। इस दौरान नि:शुल्क परामर्श और दवाएं वितरित की गईं। निजी अस्पताल के चिकित्सकों की टीम ने उपचार भी बताए। सेंट्रल बार के अध्यक्ष मुरलीधर सिंह और महामंत्री सुरेंद्रनाथ पांडेय, पूर्व महामंत्री संजय सिंह दाढ़ी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।
सामनेघाट का नाम चौधरी चरण सिंह रखने की मांग
राष्ट्रीय लोकदल पार्टी ने सामनेघाट में नवनिर्मित घाट का नाम पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के नाम पर रखने की मांग की है। पार्टी के प्रदेश महासचिव गणेश शंकर चतुर्वेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम जरिये सीएम योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजा है। प्रतिनिधिमंडल में पार्टी के प्रदेश सचिव धर्मेंद्र सिंह, प्रवीण तिवारी, संजय कुमार, चितरंजन सिंह, राजेंद्र यादव आदि शामिल रहे।
एजीआर ऑटोमोबाइल्स शोरूम में न्यू डिजायर कार लॉन्च
महमूरगंज स्थित एजीआर ऑटोमोबाइल्स शोरूम पर मारुति सुजुकी की न्यू डिजायर कार लांच की गई। मुख्य अतिथि वाराणसी मेयर अशोक तिवारी ने कार का अनावरण किया। शोरूम ओनर गोपाल दास गुप्ता, राजीव गुप्ता ने बताया कि यह कार आकर्षक फीचर्स में कई रंगों में उपलब्ध है। अपने सेगमेंट की यह सबसे अधिक स्पेस की कार है। इसमें सामान रखने के लिए 382 लीटर का बूट स्पेस, इलेक्ट्रिक सनरूफ, 360 डिग्री एचडी व्यू कैमरा आदि फीचर्स हैं। कार की शुरुआती कीमत 6.79 लाख रुपये है।
देव दीपावली पर होगा गंगा पूजन भरतनाट्यम से सजेगी शाम
देव दीपावली पर जाह्नवी सेवा समिति की ओर अस्सी घाट पर मां गंगा का पूजन होगा। अस्सी घाट को दीपमालिकाओं के साथ ही रंग-बिरंगी रोशनी और फूलों से सजाया जाएगा। इसमें अमर उजाला मीडिया पार्टनर है।
जाह्नवी सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र पचौरी ने बताया कि आयोजन के मुख्य अतिथि वाराहा इंफ्रा लिमिटेड के एमडी राव प्रेम सिंह, विशिष्ट अतिथि एसीएम दीपक कुमार होंगे। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि गंगा पूजन से करेंगे। इसके बाद बटुक मां गंगा की आरती उतारेंगे। इसके बाद सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत ताल वाद्यवृंद कचहरी से होगी।
इसमें दिल्ली के तबला वादक पं. रामकुमार मिश्र, राहुल मिश्र, मृदंगम पर सत्यव्रत और पखावज पर अयोध्या के विभव दास वादन करेंगे। दूसरी प्रस्तुति में प्रो. पीसी होम्बल द्वारा निर्देशित शिव गंगा पर आधारित भरतनाट्यम की होगी। भरतनाट्यम की प्रस्तुति शिवानी सिंह करेंगी।
काशी स्टेशन के निदेशक ने देखी तैयारी
कार्तिक पूर्णिमा के स्नान के मद्देनजर यात्रियों की भीड़ को लेकर काशी स्टेशन पर तैयारियां की जा रही हैं। स्टेशन निदेशक अर्पित गुप्ता ने निरीक्षण कर प्लेटफॉर्म पर यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था देखी। मालवीय पुल तक ट्रैक का निरीक्षण करते हुए आरपीएफ को विभिन्न बिंदुओं पर निर्देशित किया। काशी स्टेशन के एसएस तस्नीम के साथ सुरक्षा व्यवस्था पर मंथन किया।
फोटोग्राफी प्रतियोगिता के विजेताओं को मिले मेडल
काशी सांसद फोटोग्राफी, स्केचिंग, पेंटिंग प्रतियोगिता का जिला स्तर पर आयोजन किया गया। जिसका समापन बुधवार को विजेता प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और मेडल देकर किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न थीमों पर पेंटिंग की गई। स्केचिंग, पेंटिंग और फोटोग्राफी के 131 प्रथम, द्वितीय और तृतीय विजेताओं को मेडल देकर पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा, मेयर अशोक तिवारी, डीएम एस राजलिंगम, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या, क्षेत्रीय अध्यक्ष विद्यासागर राय रहे।
अगले सप्ताह से बदलेगा मौसम
नवंबर महीने के दूसरे सप्ताह में गर्मी ने लोगों की बेचैनी बढ़ा दी है। अधिकतम तापमान बढ़कर 32.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया जो कि औसत से 2.1 ज्यादा रहा। इसके साथ ही न्यूनतम तापमान औसत से 2.0 अधिक होकर 17.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. राजीव बाटला ने बताया कि अगले सप्ताह से मौसम में बदलाव की संभावना है।
एयरपोर्ट पर मैनुअल जांचे गए बैग
लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर बुधवार को इन लाइन बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम (एक्सरे मशीन) दूसरे दिन भी ठीक नहीं हो सकी। इससे एयरपोर्ट पर जांच के लिए खड़े यात्रियों की लंबी लाइन लग गई। एयरपोर्ट निदेशक पुनीत गुप्ता ने बताया कि मशीन खराब हो गई है। इंपोर्टेड मशीन होने के कारण इसमें समय लग रहा है।
घंटे भर देरी से चलेगी सद्भावना एक्सप्रेस
मुरादाबाद मंडल के महरौली स्टेशन यार्ड पर प्वाइंट रिन्यूवल कार्य के लिए पॉवर ब्लॉक लिया जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि आनंद विहार टर्मिनस-रक्सौल सद्भावना एक्सप्रेस 19 नवंबर को 60 मिनट और 24 नवंबर को 60 मिनट रीशेड्यूल कर चलाई जाएगी।
डीआरएम ने किया विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण
महाकुंभ को लेकर पूर्वोत्तर रेलवे के डीआरएम वीके श्रीवास्तव ने बनारस-प्रयागराज रामबाग रेल खंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। इस दौरान झूंसी और प्रयागराज रामबाग स्टेशनों का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण में राकेश रंजन, शेख रहमान रहे।
कॉमर्स फैकल्टी में बंटे 100 टैबलेट
बीएचयू के कॉमर्स फैकल्टी में युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 100 छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए गए। डीन डॉ. हरेंद्र कुमार सिंह और कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने सभी छात्रों को टैबलेट देकर शुभकामनाएं भी दीं। विधायक ने छात्रों को तकनीक का सही उपयोग करने के लिए कहा। कहा कि यह टैबलेट विद्यार्थियों के लिए ज्ञान के असीमित भंडार तक पहुंच का साधन बनेगा।
प्रदर्शनी में 73 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा
मंडल स्तरीय 52वीं बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी का आयोजन बुधवार को राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज में हुआ। प्रदर्शनी का विषय सतत भविष्य के लिए विज्ञान प्रौद्योगिकी था। उद्घाटन डीआईओएस अवध किशोर सिंह ने किया। जूनियर और सीनियर वर्ग में 73 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें जूनियर संवर्ग में अंशु गोयल, अनुराधा भारती, आस्था यादव, विशाल पांडेय, तैयबा, करन पटेल व खुशी गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सीता, द्रौपदी, रुक्मिणी हैं आदिशक्ति का रूप
आर्य महिला पीजी कॉलेज में ब्लू लिटरेरी क्लब और भारत अध्ययन केंद्र की ओर से नारी शक्ति पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। जानी-मानी लेखिका और ब्लॉगर अनुराधा गोयल ने कहा कि सीता, द्रौपदी, अहिल्या बाई होल्कर, रुक्मिणी आदि शक्ति का रूप हैं। शिव शक्ति के स्रोत हैं और स्त्री शक्ति की संचालिका है। प्राचार्य प्रो. रचना दुबे ने स्वागत किया।
छात्रों को बताई विधि पाठ्यक्रम की उपयोगिता
स्वामी विवेकानंद लॉ कॉलेज दुनियापुर (हरहुआ) में विधि के छात्रों का अभिमुखीकरण कार्यक्रम हुआ। मुख्य अतिथि श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ट्रस्ट के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने छात्रों को विधि पाठ्यक्रम की उपयोगिता और महत्व के बारे में बताया। अध्यक्षता प्रबंधक राजीव राय ने की। स्वागत प्राचार्य डॉ. अजय पांडेय ने किया।
दिल्ली के वैज्ञानिक डॉ. राजेश पांडेय को लालजी सिंह मेमोरियल अवाॅर्ड
सीएसआईआर-आईजीआईबी दिल्ली के वैज्ञानिक डॉ. राजेश पांडेय को तीसरा डॉ. लालजी सिंह मेमोरियल अवाॅर्ड दिया जाएगा। बीएचयू में 28-30 नवंबर को ऐडनैट के 24वें वार्षिक अधिवेशन में उन्हें ये सम्मान दिया जाएगा।
डॉ. लालजी सिंह भारत में डीएनए फिंगरप्रिंटिंग के जनक और बीएचयू के 25वें कुलपति रह चुके हैं। वह ऐडनेट सोसाइटी के संस्थापक थे। ऐडनैट सोसाइटी हर साल भारत के डीएनए विज्ञान में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान करती है।
लालजी सिंह मेमोरियल अवाॅर्ड कमेटी की बैठक में इस अवाॅर्ड के लिए डॉ. राजेश पांडेय को चुना गया है। डॉ. राजेश को यह अवार्ड कोविड और बाकी वायरस इंफेक्शन से इम्यून सिस्टम के प्रभाव पर बेहतर रिसर्च करने के लिए दिया जा रहा है। पुरस्कार चयन समिति के सदस्य जेएनयू के प्रो. आनंद रंगनाथन, सीडीएफडी के पूर्व डायरेक्टर डॉ. थंगराज और मुर्डोक यूनिवर्सिटी ऑस्ट्रेलिया के डॉ. रमेश अग्रवाल थे। समिति की अध्यक्षता जीन वैज्ञानिक प्रो. ज्ञानेश्वर चौबे ने की।
छात्रों ने कहानी लेखन के बारे में जाना
उदय प्रताप कॉलेज के राजर्षि सेमिनार हाॅल में किस्सागोई बनाम कथा- लेखन विषयक व्याख्यान में मुख्य वक्ता साहित्य अकादमी सम्मान से सम्मानित कथाकार अलका सरावगी ने कहा कि कहानी लिखने का कोई एक तरीका नहीं होता और समय के साथ कथानक में भी बदलाव आया है। हिंदी विभाग की ओर से आयोजित व्याख्यान में सरावगी ने कहा कि किस्सागोई कहानी का प्राण है। उन्होंने उपन्यास 'कलिकथा वाया बाईपास' की चर्चा करते हुए कहा कि इसमें आने वाली कहानी एक तरह से कथा का इतिहास है।
अध्यक्षता प्रो. बलिराज पांडेय ने की। स्वागत प्राचार्य प्रो. धर्मेंद्र कुमार सिंह, संचालन प्रो. गोरखनाथ और आभार ज्ञापन प्रो. मधु सिंह ने किया। कार्यक्रम में डॉ. राम सुधार सिंह, डॉ. एमपी सिंह, प्रो. चंद्रकला त्रिपाठी, प्रो. शाहीना रिजवी, प्रो. एनपी सिंह, प्रो. सुधीर राय, प्रो. शशिकांत द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
जांच समिति ने बीएचयू में चंदन चोरी के दावे को बताया संदिग्ध
बीएचयू में पेड़ों की अवैध कटाई पर याचिकाकर्ता ने राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) से विश्वविद्यालय और उसके कुलपति पर भारी जुर्माना लगाने का अनुरोध किया है। जांच समिति की रिपोर्ट में 33 पेड़ों की कटाई को सही माना है, लेकिन सीसी कैमरे की मौजूदगी में चोरी को संदिग्ध बताया है।
याचिकाकर्ता सौरभ तिवारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने वन अधिकारियों को सूचित किया था कि पेड़ चोरी हुए हैं। बुधवार को एनजीटी की ऑर्डर कॉपी जारी हो गई थी। समिति की रिपोर्ट के जवाब में याचिकाकर्ता सौरभ तिवारी ने 9 नवंबर को अपना जवाब दाखिल किया। रिपोर्ट में कहा गया है कि विश्वविद्यालय के 1,300 एकड़ के परिसर में सात चंदन और 26 अन्य प्रजातियों के पेड़ों सहित 33 पेड़ों को अवैध रूप से काटा गया।
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि चंदन के पेड़ों की अवैध कटाई और उनकी चोरी से संबंधित मामले को स्थानीय पुलिस ने बंद कर दिया है, क्योंकि उनकी विश्वविद्यालय अधिकारियों के साथ मिलीभगत है। जवाब में ये भी कहा गया है कि पूरे मामले की जांच के लिए एक उच्चाधिकार प्राप्त समिति गठित की जा सकती है।