एसडीएम के दुर्व्यवहार के विरोध में प्रदर्शन करते शिक्षक
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के चंदौली में एक स्कूल में बोर्ड परीक्षा में शनिवार को एसडीएम निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान एक दिव्यांग कक्ष निरीक्षक के पास आईडी कार्ड न होने पर एसडीएम ने उसको धक्का मारकर बाहर कर दिया।
आरोप है कि शनिवार को सुबह की पाली में इंटरमीडिएट गृह विज्ञान की परीक्षा के दौरान एसडीएम चकिया राम सजीवन मौर्य औचक निरीक्षण के लिए जिले के इलिया क्षेत्र स्थित दुर्गावती बालिका इंटर कालेज पहुंचे।
कमरा नंबर छह में प्रवेश करते हुए एसडीएम ने वहां ड्यूटीरत दिब्यांग कक्ष निरीक्षक कृष्ण मुरारी पांडेय से आईडी दिखाने को कहा। जिस पर आईडी कार्ड नहीं दिखा पाने पर एसडीएम नाराज हो गये और कक्ष निरीक्षक से दुर्व्यवहार करते हुए कक्ष से बाहर निकल जाने के लिए कहते हुए उसे धक्का दे दिया।
जिससे वह जमीन पर गिर पड़ा। घटना की जानकारी होते ही सभी कक्ष निरीक्षक लामबंद हो गये और परीक्षा समाप्ति के बाद कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।
इस दौरान सभी एसडीएम पर आवश्यक दंडात्मक कार्रवाई किये जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि मांग नहीं पूरी हुई तो सभी लोग परीक्षा बहिष्कार करेंगे।