बीएचयू के सर सुंदर लाल अस्पताल में एक महिला डॉक्टर की घोर लापरवाही सामने आई है। यहां स्त्री रोग विभाग में कार्यरत डॉक्टर ने चंदौली निवासी एक महिला के आपरेशन के बाद उसके पेट में निडिल छोड़ दी। मामले में महिला के पति विकास द्विवेदी ने लंका एसओ को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
उधर मामले को गंभीरता से लेते हुए एसओ ने सीएमओ को तहरीर की कॉपी भेज दी है। विभागीय जवाब आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। चकिया चंदौली निवासी विकास की पत्नी रीना द्विवेदी की एक मई 2013 में डिलेवरी हुई थी।
इसके बाद जब उन्हें पेट दर्द हुआ और जांच कराने में पता चला कि अंदर मांस का टुकड़ा और रूई पड़ी है। इसके बाद आपरेशन में उसे निकाल दिया गया। लंका एसओ को दिए तहरीर में विकास ने बताया कि इसके बाद दुबारा 18 जून 2015 को फिर डिलेवरी हुई।
इसके बाद 10 फरवरी 2017 को स्त्री रोग विभाग की डॉक्टर से ही नसबंदी कराई। इस आपरेशन के बाद जब दर्द शुरू हुआ और डॉक्टर के पास गए तो उन्होंने अपने विभाग का मामला न बताते हुए सर्जरी विभाग में जाने को कहा। वहां दो डॉक्टरों को दिखाया गया तो उन्होंने एक्सरे कराने को बोला।