भारत रत्न उस्ताद बिस्मिल्लाह खां की 15वीं पुण्यतिथि दरगाहे फातमान में मनाई गई। घरवालों के साथ ही उस्ताद के चाहने वालों ने भी उनकी कब्र पर खेराज ए अकीदत पेश की। शनिवार की सुबह से ही उनकी कब्र पर आने वालों का तांता लगा रहा। इसके साथ ही एक बार फिर से उस्ताद की याद में काशी में प्रतिमा और स्टेशन पर शहनाई की धुन बजाने की मांग उठी।
शनिवार को गुलपोशी के बाद उस्ताद की कब्र पर सामूहिक दुआख्वानी की गई। मुल्क के अमनो-अमान के साथ कोरोना से निजात की दुआएं भी मांगी गईं। कोरोना संक्रमण के कारण सोशल डिस्टेंसिंग के साथ खेराज ए अकीदत पेश की गई। कांग्रेस के पूर्व विधायक अजय राय ने भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मकबरे पर फूल और माला अर्पित की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के मंत्री व प्रदेश प्रभारी राजेश तिवारी व पूर्व विधायक अजय राय ने उस्ताद की कब्र पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उस्ताद के प्रपौत्र आफाक हैदर ने उस्तार का पसंदीदा नौहा पेश किया। इस दौरान राघवेंद्र चौबे, ओमप्रकाश ओझा, इमरान खान, सैयद अब्बास शफाक, हाजी इकबाल, नासिर अब्बास, नजमुल हसन मौजूद रहे।
पीएम भी करें उस्ताद के परिवार की मदद
कार्यक्रम संयोजक शकील अहमद जादूगर ने कहा कि मुहर्रम के महीने में ही उस्ताद बिस्मिल्लाह खां यहां शहनाई बजाया करते थे। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि बिस्मिल्लाह खां के लिए जो भी वादे किए गए हैं वह पूरे किए जाएं। 15 साल बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक सरकार ने अपना एक भी वादा नहीं निभाया है।