नौ जून को हुई थी शाखा प्रबंधक फूलचंद्र राम की हत्या कर लूट
- फोटो : अमर उजाला
वाराणसी के करखियांव पंजाब नेशनल बैंक शाखा प्रबंधक फूलचंद्र राम की हत्या कर लूट करने वाले गिरोह के 13 आरोपियों को पुलिस अब तक गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं 50 हजार का इनामी शूटर धीरेंद्र सिंह अब तक पुलिस के हाथ नहीं लग सका। गाजीपुर और वाराणसी ग्रामीण पुलिस की फूलपुर थाने की टीम लगातार उसके लोकेशन में दौड़ भाग कर रही हैं।
बैंक अधिकारियों की भी धड़कन बढ़ी हुई है कि अब तक साढ़े सात लाख रुपये का मिलान नहीं हो सका है। 47 लाख की रकम में अब तक फूलपुर पुलिस ने साढ़े 39 लाख बरामद कर लिया है। शेष लूट की रकम शूटर धीरेंद्र सिंह के पकड़े जाने के बाद मिल सकती है।
नौ जून को पिंडराई गांव के समीप जौनपुर के कुसिया गांव निवासी फूलचंद्र राम को ठगने और 47 लाख की रकम लूटने के चक्कर में स्कार्पियो में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गिरोह के सरगना मऊ के मधुबन निवासी आलोक राय, गाजीपुर निवासी शूटर राजू पंडित सहित 13 आरोपियों को पुलिस ने अब तक गिरफ्तार किया है। मात्र एक आरोपी धीरेंद्र सिंह ही फरार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार फरार शूटर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई हैं।