सपा नेताओं के घरों के बाहर फोर्स तैनात
- फोटो : अमर उजाला
जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए वाराणसी में सपा उम्मीदवार चंदा यादव का पर्चा रद्द होने के बाद से सपा नेताओं में उबाल है। सपा नेताओं द्वारा विरोध-प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस और वाराणसी ग्रामीण पुलिस एहतियातन किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए सपा नेताओं पर निगरानी बढ़ा दी है। घर से बाहर तक निकलने नहीं दिया जा रहा है।
सपा जिलाध्यक्ष सुजीत यादव के लोहता स्थित घर से चौराहे तक फोर्स तैनात है। आने और जाने वालों पर विशेष निगाह रखने के साथ ही पूछताछ हो रही है। समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष सहित अन्य नेताओं के घर के बाहर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। वहीं लंका थाना क्षेत्र के काशी विद्यापीठ ब्लॉक के रमना गांव प्रधान अमित पटेल के बाहर भी पुलिस तैनात है।
बता दें कि वाराणसी में सपा प्रत्याशी चंदा यादव का नामांकन खारिज होने के बाद भाजपा प्रत्याशी पूनम मौर्या का निर्विरोध निर्वाचन तय है। जिला निर्वाचन अधिकारी / जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा के अनुसार दो-दो सेट में सपा और भाजपा की प्रत्याशियों ने नामांकन किया था।
नामांकन पत्रों की जांच में पाया गया कि सपा प्रत्याशी के शपथ पत्र में नोटरी का रिन्यूवल नहीं हुआ है। इसकी सूचना राज्य निर्वाचन आयोग को भी भेज दी गई है। आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सपा प्रत्याशी के दोनों पर्चें खारिज हुए, वहीं भाजपा प्रत्याशी का एक पर्चा खारिज हुआ है, जबकि एक पर्चा वैध है।