ज्यादा से ज्यादा ग्राहकों को बीएसएनएल से जोड़ने के लिए विभाग ने नई पहल की है। मोबाइल उपभोक्ता बिना किसी खर्च दूसरी कंपनी के मोबाइल नंबर को बीएसएनएल में बदलवा सकते हैं। पहले इसी सेवा के लिए बीएसएनएल में 59 रुपये लगते थे।
पिछले सप्ताह से यूपी सर्किल में मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी पर लगने वाले चार्ज को खत्म कर दिया गया है। अब कोई भी दूसरी कंपनी के नंबर को बीएसएनएल में बदल सकता है।
इसके साथ ही बीएसएनएल के खराब/बिना प्रयोग वाले सिम को बदलकर दूसरा नंबर भी निःशुल्क लिया जा सकेगा। बीएसएनएल महाप्रबंधक केपी सिंह ने बताया कि बीएसएनएल की सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों को देने का लक्ष्य रखा गया है।
4G प्लस सेवा का उद्घाटन करेंगे मनोज सिन्हा
केंद्रीय रेल एवं संचार राज्यमंत्री मनोज सिन्हा शनिवार को बीएसएनएल की ओर से शुरू की जाने वाली 4G प्लस सेवा का उद्घाटन करेंगे।
महाप्रबंधक ने बताया कि सुबह 11 बजे डीरेका में होने वाले इस समारोह में संचार मंत्री, बीएसएनएल के सीएमडी, सीजीएम सहित अन्य कई अधिकारी शामिल होंगे। बताया कि इस सेवा के तहत संबंधित उपभोक्ता वाईफाई, हाट स्पार्ट सेवा के तहत अपने 3G सिम पर 4G का नेटवर्क पा सकेंगे।
इसके लिए उन्हें केवल एक बार पंजीकरण कराना होगा। बताया कि बनारस में पहले चरण में 15 जगहों पर यह सेवा शुरू होगी।