कुमार विश्वास, मैं हूं काशी और मनोज तिवारी सुनाएंगे तुलसी की काशी
- फोटो : अमर उजाला
धर्म- संस्कृति और आध्यात्म की नगरी काशी में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र की ओर से तीन दिवसीय काशी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। आजादी के अमृत महोत्सव के तहत आयोजित तीन दिवसीय कार्यक्रम रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय सहयोग और कन्वेंशन सेंटर में होंगे।
संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. कुमार विश्वास द्वारा मैं हूं काशी तथा भोजपुरी गायक और सांसद मनोज तिवारी द्वारा तुलसी की काशी की प्रस्तुति होगी। कार्यक्रम के पास के लिए रुद्राक्ष में पंजीकरण कराया जा सकता है।
इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र की निदेशक प्रियंका मिश्रा ने बताया कि काशी उत्सव में आम जनता का प्रवेश पूरी तरह से निशुल्क है। 16 से 18 नवंबर तक आयोजित काशी उत्सव में काशी के विभिन्न साहित्यिक एवं सांस्कृतिक उत्कृष्ट विभूतियों के जीवन, दर्शन एवं कृतियों को परिचर्चा, प्रदर्शनी, लघु-चलचित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा।