सेवई, सरसों के तेल से लेकर पैकेट बंद दूध तक में धड़ल्ले से मिलावट की जा रही है। बड़ी दूकानों में बिकने वाले ब्रांडेड आइटमों तक में मिलावट है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जांच में यह खुलासा हुआ है। विभाग ने पिछले दो महीने में निर्माण करने वाली कंपनी एवं वितरक समेत 22 लोगों को नोटिस भेजकर करीब 10 लाख रुपये जुर्माना भी वसूला है। इसके अलावा, शहर के बड़े स्टोर दुर्गाकुंड स्थित जालांस सुपर मार्केट को बंद करने के लिए नोटिस भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने पिछले दिसंबर महीने में जालांस सुपर मार्केट से हल्दी, काजू और सौंफ सैंपलिंग के लिए लिया था। इसे जांच के लिए लखनऊ लैब भेजा गया था। जांच में काजू और सौंफ अन सब स्टैंडर्ड (मानक के अनुरूप नहीं) तो हल्दी अनसेफ (असुरक्षित) पाई गई। जुर्माना लगाने के साथ ही स्टोर को बंद करने का नोटिस भेजा गया है। 14 जून को भेजे गए नोटिस के जरिये पंद्रह दिन में जवाब देने को कहा गया है। विभाग की ओर से पिछले दो महीने में बीस स्थानों पर सैंपलिंग की कार्रवाई की गई।