चैत्र मास के शुक्लपक्ष की पूर्ण्मा तिथि पर शिव की नगरी हनुमान जन्मोत्सव के रंगों में रंगी नजर आई। केसरिया हनुमान ध्वजा से शहर की सड़कें पट गईं। जय-जय-जय हनुमान लला... की धुन पर नाचते-गाते भक्तों की टोलियां संकट मोचन मंदिर पहुंचती रहीं, देर रात तक मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला बना रहा। शहर के सभी हनुमान मंदिरों के साथ ही घरों में भी उत्सव सरीखा नजारा रहा।
शनिवार को दुर्गाकुंड स्थित धर्मसंघ क्षेत्रपालेश्वर मंदिर से श्री हनुमान ध्वजा प्रभातफेरी समिति के तत्वावधान में 15 दिवसीय हनुमान ध्वजा प्रभात फेरी का शोभायात्रा के साथ समापन हुआ। समिति के अध्यक्ष कौशल शर्मा ने बताया कि समिति के तत्वावधान में 22 सालों से हनुमान ध्वजा यात्रा निकल रही है। शोभायात्रा में तीन पालकी रंग बिरंगी फूलों से सजाई गई थी जिसमें एक पालकी में गणेश भगवान, एक पालकी शंकर भगवान के साथ हनुमान जी की सजाई गई थी। सर्व प्रथम धर्मसंघ मंदिर पर हनुमान ध्वज व पालकी के साथ हनुमान जी की गंगा के तर्ज पर तीन अर्चकों द्वारा आरती उतारी गई। शोभायात्रा के आगे-आगे बच्चे स्केटिंग करते हुए हनुमान और राम के जयकारे लगा रहे थे। उसके पीछे विश्वनाथ अग्रवाल मंगल ज्योत लेकर चल रहे थे। उसके पीछे महिलाएं राजस्थानी वेशभूषा में स्कूटी पर सवार होकर आगे आगे जय श्री राम का नारा लगा रही थी। शोभायात्रा संकट मोचन मंदिर पहुंचने पर भक्तों ने प्रभु के चरणों में निशान अर्पण किया। मंदिर में सामूहिक हनुमान चालीसा पढ़ा गया, प्रभु की आरती उतारी गई। प्रभु को भोग लगा भक्तों में प्रसाद वितरण हुआ।
हनुमत सेवा समिति ने निकाली ध्वजा यात्रा
श्री हनुमत सेवा समिति की ओर से हनुमान जन्मोत्सव पर हनुमान ध्वजा यात्रा निकाली गई। शाम को भिखारीपुर तिराहे से ध्वजा यात्रा संकटमोचन मंदिर के लिए निकली। रास्ते भर श्रद्धालुओं ने ध्वजा यात्रा पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। प्रभु के स्वरूपों से सजी झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। सायंकाल ध्वजा शोभायात्रा भिखारीपुर से नेवादा, सुन्दरपुर, नरिया और लंका होते हुए संकटमोचन मंदिर पहुंची। इसके बाद सामूहिक चालीसा पाठ, महाआरती और राष्ट्र व परिवार कल्याण की प्रार्थना की गई। इस मौके पर महंत प्रो. विश्वंभर नाथ मिश्र द्वारा श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया।
ध्वजा यात्रियों में बाटा गुड़ व पानी
भारत विकास परिषद सत्यम शाखा की ओर से हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर निकाली गई ध्वजा यात्रा का अभिनंदन व स्वागत किया गया। जिसमें परिषद के सदस्यों ने सुंदरपुर में स्टाल लगाकर ध्वाजा यात्रा में शामिल लोगों को फ्रूटी, पानी व गुड़ का वितरण किया।
व्यापार मंडल ने निकाली हनुमत ध्वज यात्रा
बरेका व्यापार मंडल द्वारा शनिवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर हनुमत ध्वजा यात्रा निकाली गई। यात्रा गुमटी मार्केट होते हुए बरेका परिसर में घूमते हुए शिवकाली मंदिर पहुंची जिसके बाद भंडारे का आयोजन किया गया।
सामूहिक हनुमान चालीसा का किया पाठ
व्यापारियों द्वारा कोदई चौकी मार्केट में सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। व्यापारियों ने व्यापार में वृद्धि व देश, प्रदेश के लिए सुख, समृद्धि की कामना की। वंदेमातरम व्यापार मंडल द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
मानस की चौपाईयों से गूंजा संकटमोचन का दरबार
हनुमान जन्मोत्सव पर संकट मोचन का दरबार मानस की चौपाईयों से गूंज उठा। सुबह से शुरू हुआ दर्शन पूजन का सिलसिला देर रात तक अनवरत चलता रहा। इस दौरान मंदिर परिसर में जय हनुमान व जय श्री राम के जयकारे लगाते भक्तों की कतार संकटमोचन के दर्शन के लिए बढ़ती रही। शनिवार को संकटमोचन मंदिर में श्री हनुमान जन्मोत्सव के 10 दिवसीय आयोजन की शुरुआत हो गई। इस दौरान हनुमान जी का बैठकी शृंगार हुआ।