पूर्व सांसद की इस जमीन पर है अवैध कब्जा, जिसे हटाने की मांग की गई
- फोटो : संवाद
अमेठी निवासी पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. संजय सिंह की दुर्गाकुंड स्थित आनंद पार्क के बगल में 1.36 एकड़ जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। डॉ. सिंह ने वाराणसी के जिलाधिकारी से अनुरोध किया है कि उनकी निजी जमीन से अवैध कब्जा हटवा कर उसे केंद्र या राज्य सरकार की किसी कल्याणकारी योजना के इस्तेमाल में लाने का विचार करें। पूर्व राज्यसभा सांसद के अनुरोध के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हुआ है।
पूर्व सांसद डॉ. संजय सिंह के पिता अमेठी के राजा राजर्षि रणंजय सिंह ने दुर्गाकुंड के बगल में स्थित आनंद बाग पार्क के पूर्व में वर्ष 1958 में वाराणसी नगर महापालिका को 1.36 एकड़ जमीन दान में दी थी। वह चाहते थे कि आनंद बाग पार्क और उनके द्वारा दान में दी गई जमीन को एक बड़े पार्क के रूप में विकसित किया जाए। मगर, दान में दी गई जमीन पर नगर महापालिका द्वारा पार्क का निर्माण नहीं कराया जा सका।
इसके चलते वहां लोग अवैध तरीके से काबिज हो गए। ऐसे में दान की प्रारंभिक और मूल शर्तों का उल्लंघन मानते हुए उत्तर प्रदेश सरकार ने 1.36 एकड़ जमीन राजर्षि रणंजय सिंह को वर्ष 1987 में वापस कर दी। राज्य सरकार के निर्णय के क्रम में 1.36 एकड़ जमीन के नामांतरण की कार्रवाई भी नगर महापालिका के राजस्व अभिलेख में की गई थी।