हरतालिका तीज पर बृहस्पतिवार को सज धजकर मां गौरी से अपने सुहाग की लंबी आयु और सुख समृद्धि की कामना करने के लिए महिलाएं काफी उत्साहित हैं। तीज के लिए बुधवार को नवविवाहित सुहागिनें ब्यूटी पार्लरों पर दिखीं। किसी ने फेशियल कराया तो किसी ने ब्लीच। कुछ ने बालों और चेहरे दोनों ब्यूटी ट्रीटमेंट लिया। पूजा के लिए शिव गौरी की मिट्टी की मूर्ति की खरीदारी हुई।
पहली तीज रखने वाली महिलाओं के लिए बाजारों में आकर्षक और डिजाइनर सुहाग की पिटारी भी काफी डिमांड में है। बुधवार को भी बाजारों में लगे विभिन्न स्टॉलों पर रात तक सुहागिनों ने मेहंदी रचवाई। मॉल व ड्रेस शोरूमों के बाहर भी भीड़ रहीं। बहुओं ने जहां भरवा मेहंदी लगवाई वहीं सासु मां ने फ्लोरल मेहंदी रचवाई। नई नवेली दुल्हनों ने मेहंदी से पति का चेहरा बनवाया तो किसी ने उनका नाम लिखवाया। अर्दली बाजार, गुरुबाग, लक्सा, सुंदरपुर, सिगरा आदि क्षेत्रों में मेहंदी लगवाने का रेट 500 से 2500 हजार तक रहा।
खूब खनका चूड़ियों का बाजार
चूड़ी विक्रेता विपिन ने बताया कि हरियाली तीज के लिए महिलाओं ने हरे रंग की चूड़ियों के साथ-साथ रंग-बिरंगी चूड़ियां भी पसंद कीं। महिलाओं ने मीनाकारी चूड़ी, ग्रीन एम्ब्राल्ड कड़े, सिल्क थ्रेड चूड़ियां और कांच की साधारण हरी चूड़ियां पसंद कीं।
सुजाता और आरती बनी मेहंदी प्रतियोगिता की विजेता
अग्रसेन कन्या पीजी कॉलेज बुलानाला परिसर व परमानंदपुर परिसर में बुधवार को तीज के उपलक्ष्य में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसमें महाविद्यालय की छात्राओं ने शिक्षिकाओं को मेहंदी लगाकर अपना हुनर दिखाया। प्रतियोगिता में बुलानाला में आरती प्रथम, प्रतिमा द्वितीय और खुशी तृतीय स्थान पर रहीं। परमानंदपुर परिसर में सुजाता, नेहा व प्रिया ने बाजी मारी।