भारत आने का कारण पूछने पर जर्मनी के हेलिगर एरेक्स (47) ने रेलवे के इंजीनियर पर थूक दिया। इस पर इंजीनियर ने हेलिगर की पिटाई कर दी। मारपीट में इंजीनियर को भी चोट आई।
सूचना पर पुलिस ने इंजीनियर को पकड़ कर चोपन जीआरपी को सौंप दिया और विदेशी का मेडिकल कराया। जीआरपी थाने में दोनों ने एक दूसरे के खिलाफ तहरीर दी है। घटना राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन पर शनिवार की दोपहर हुई।
उधर, चोपन जीआरपी प्रभारी हरिकेश आजाद मुकदमा दर्ज कराने के लिए उसे मिज़ार्पुर जीआरपी ला रहे थे। मिज़ार्पुर रेलवे स्टेशन के बाहर विदेशी भागने की कोशिश करने लगा। रोकने पर जीआरपी प्रभारी चोपन पर हमला कर घायल कर दिया।
उसे जीआरपी थाने में बैठाया गया है। हेलिगर एरेक्स अगोरी किले पर शोध कर रहे हैं। शनिवार दोपहर करीब एक बजे हेलिगर राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन से चोपन जाने के लिए चुनार बरवाडीह पैसेंजर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। यहां ट्रेन आने का समय 3.55 का है।
इस कारण वह परिसर में घूम रहे थे। इस दौरान स्टेशन पर काम करा रहे सेक्शन इंजीनियर अमन कुमार (50) ने उनसे भारत आने का कारण जानना चाहा तो हेलिगर ने कोई जवाब नहीं दिया। दुबारा पूछने पर उसने इंजीनियर पर थूक दिया।
इसी के बाद दोनों में विवाद हो गया और इंजीनियर ने विदेशी की पिटाई कर दी। लोगों ने बीचबचाव किया। सूचना पर पुलिस हेलिगर को प्राइवेट डॉक्टर के पास ले गई। हेलिगर ने पुलिस कार्रवाई करने की बात कही, तो उन्हें कोतवाली ले जाया गया। इसके बाद स्टेशन से इंजीनियर को पकड़कर पुलिस कोतवाली ले आई।