वाराणसी में मंगलवार शाम को के बड़ा हादसा हो गया। शहर के गोलघर कचहरी के पास मंगलवार की देर शाम राजश्री स्वीट्स में अचानक आग लग गई। यह घटना सिलेंडर के फटने से हुई है। आग इतनी भीषण थी कि उसे बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
कचहरी स्थित गोलघर चौराहा के समीप की बिल्डिंग के भूतल पर राजेश गुप्ता का राजश्री मिष्ठान भंडार है जबकि प्रथम और द्वितीय तल पर गोदाम और कारखाना है। बताया जाता है कि द्वितीय तल पर गैस सिलिंडर में लीकेज हुआ तो काम करने वाले स्टाफ मौके से भाग निकले।
इसके थोड़ी ही देर बाद द्वितीय तल को आग की लपटों ने घेर लिया और सिलिंडरों में एक-एक कर धमाके होने लगे। मिष्ठान भंडार के सामने स्थित कचहरी पुलिस कर्मियों की सूचना पर दमकल की गाड़ियां एक-एक कर आईं।
इसके साथ ही मौके पर कमिश्नर दीपक अग्रवाल, डीएम सुरेंद्र सिंह और एसएसपी आनंद कुलकर्णी के साथ ही पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार सिलिंडर में लीकेज के कारण आग लगी थी।