उत्तर प्रदेश के वाराणसी के मंडुवाडीह थाने के सामने शुक्रवार शाम को बेटी के आचरण से दुखी पिता ने अपने हाथ की नस काट ली। यह देखकर पुलिसकर्मियों और अन्य परिजनों ने तुरंत मड़ौली स्थित अस्पताल भेजवाया। बेटी द्वारा प्रेमी संग शादी की बात से खफा जंसा निवासी पिता ने यह कदम उठाया। वहीं बेटी को समझाने का दौर चलता रहा।
जंसा थाना क्षेत्र निवासी युवती 30 जुलाई को बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा देने मंडुवाडीह स्थित एक कॉलेज में आई थी और गायब हो गई। पिता ने मंडुवाडीह थाने में बेटी के गुमशुदा होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इस मामले में पुलिस युवती को मुंबई से बरामद कर बनारस ले आई। शाम के समय परिजन थाने पहुंचे तो युवती ने कहा कि वह अपने मन से प्रेमी संग मुंबई गई थी और अब प्रेमी संग शादी करके मुंबई में ही रहेगी। इसी बीच पिता सहित अन्य परिजनों ने काफी समझा लेकिन पुत्री तैयार नहीं हुई। इससे दुखी होकर थाने के सामने ही पिता ने अपने दाहिने हाथ की नस काट ली। लहूलुहान हाल में पिता को परिजनों ने पुलिस की मदद से निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं युवती को परिजनों ने समझा कर घर लौटने के लिए मनाया लेकिन वह तैयार नहीं हुई।