एडीएम के मतगणना स्थल पर जाने पर भी रोक
उनके मतगणना स्थल पर जाने पर भी रोक लगाने का आदेश है। नलिनी कांत की जगह पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संजय कुमार को ईवीएम का नोडल प्रभारी बनाया गया है। बता दें कि मंगलवार शाम वाहन से ईवीएम मिलने पर समाजवादी पार्टी समेत विपक्षी दलों को कार्यकर्ताओं ने खासा हंगामा किया था।
उन्हें समझाने में प्रशासन को नाकों चने चबाने पड़े थे। रात में ही जब हंगामा हो रहा था तो मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने मूवमेंट प्लान शेयर करने में चूक की बात स्वीकार की थी। तभी से अंदेशा था कि इस मामले में कोई ना कोई कार्रवाई जरूर होगी।
एडीएम के वाहन की जांच करते सपा कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
लगभग नौ घंटे चला था बवाल
पहड़िया मंडी स्थित मतगणना केंद्र के बाहर रातभर चले हंगामे के बाद बुधवार दोपहर से नेताओं की जुटान होने लगी है। मतगणना स्थल से ईवीएम बाहर ले जाने पर नौ घंटे चले बवाल के बाद प्रशासन व प्रत्याशियों को बीच सहमति तो बन गई लेकिन कुछ शंकाएं रह गईं हैं।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव के आह्वान के बाद शिवपुर सीट से प्रत्याशी अरविंद राजभर समर्थकों के साथ मतगणना स्थल पर बैठे हुए हैं। सपा नेता पूजा यादव भी समर्थकों के साथ मतगणना स्थल पर डटी हुईं है। पहाड़िया मंडी में आज जब एडीसीपी और एडीएम प्रशासन की गाड़ी अंदर आई तो सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोका। ईवीएम गड़बड़ी की आशंका में वाहन की गहनता से जांच की फिर अंदर जाने दिया।
सिपाही पर हमला करने वाले उपद्रवियों पर होगा मुकदमा
पहड़िया मंडी में मंगलवार को ईवीएम बाहर भेजे जाने को लेकर बवाल मचने के दौरान अधिकारियों के वाहन पर पथराव करने और सिपाही पर हमला करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ पुलिस मुकदमा दर्ज कराएगी। सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। इसके लिए पांडेयपुर लालपुर पुलिस को निर्देशित किया गया है।
पुलिस इस बिंदु पर ज्यादा फोकस कर रही है कि एडीजी की कार और सिगरा पुलिस की जीप पर पथराव करने में किसने उकसाया है। उनके खिलाफ भी पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। शांति और कानून व्यवस्था के मद्देनजर पहड़िया मंडी परिसर में सीपीएमएफ, पीएसी और पुलिस के जवान तैनात हैं।