जय माता दी स्पोर्टिंग क्लब पूजा समिति के सदस्य मिहिर भल्ला ने बताया कि अर्दली बाजार स्थित मां दुर्गा के पंडाल को अस्पताल का स्वरूप दिया गया है। मां एक डॉक्टर के रूप में अपने भक्तों की रक्षा करते नजर आएंगी।
सनातन धर्म पूजा समिति के सदस्य सूरज जायसवाल ने बताया कि सनातन धर्म के पंडाल में जिले की सबसे बड़ी मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित होगी। श्रद्धालुओं को पूजा समिति की ओर से मास्क का वितरण किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में 251 पूजा पंडाल स्थापित होंगे। काशी जोन में सबसे अधिक 134 तो वरुणा जोन में 117 पंडाल बनाए जा रहे हैं। काशी जोन में सबसे अधिक पूजा पंडाल आदमपुर में और सबसे कम रामनगर में बनेंगे। वहीं, वरुणा जोन में सबसे अधिक सिगरा में और सबसे कम पंडाल लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र में है।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराते हुए पूजा पंडाल स्थापित कराए जाएंगे। काशी जोन के आदमपुर में 22, लंका में 21, भेलूपुर में 19, कोतवाली में 18, चौक में 15, दशाश्वमेध में 14, लक्सा में नौ, चितईपुर व रामनगर में आठ-आठ पूजा पंडाल लगेंगे। वरुणा जोन में सिगरा में 22, चेतगंज में 20, कैंट में 17, मंडुवाडीह व सारनाथ में 14-14, शिवपुर में 13, जैतपुरा में 10, लालपुर-पांडेयपुर में सात पंडाल स्थापित होंगे।