काशी विद्वत परिषद के महामंत्री प्रो. रामनारायण द्विवेदी ने बताया कि शास्त्रों के अनुसार कलश सुख-समृद्धि, वैभव और मंगल कामनाओं का प्रतीक होता है। प्रतिपदा पर रात 9.12 तक चित्रा नक्षत्र और रात 1.38 बजे तक वैधृति योग रहेगा। इन दोनों के शुरुआती दो चरणों के अलावा घट स्थापना की जा सकती है। चित्रा नक्षत्र के दो चरण सुबह 10.16 और वैधृति योग के दोपहर 3.17 पर समाप्त हो रहे हैं। इसके चलते घट स्थापना के लिए अभिजीत मुहूर्त सुबह 11.59 से 12.46 बजे तक श्रेष्ठ रहेगा।
देवी पुराण के अनुसार नौ शक्तियों के मिलन को नवरात्रि कहा जाता है, जो हर साल चैत्र, आषाढ़, आश्विन और माघ में आती है। वसंत ऋतु में इसे चैत्र या वासंती नवरात्रि कहा जाता है, जबकि शरद ऋतुु व आश्विन मास में आने वाली नवरात्रि शारदीय कही जाती है। शेष दो यानी गुप्त नवरात्रि माघ और आषाढ़ में आते हैं। इनमें मां दुर्गा की 10 महा विद्याओं की साधना की जाती है।
ज्योतिषाचार्य विमल जैन ने बताया कि नवरात्रि में नौ दुर्गा को अलग-अलग तिथि के अनुसार उनकी प्रिय वस्तुएं अर्पित करने की मान्यता है।
प्रतिपदा : उड़द, हल्दी, माला-फूल।
द्वितीया : तिल, शक्कर, चूड़ी, गुलाल, शहद
तृतीया : लाल वस्त्र, शहद, खीर, काजल
चतुर्थी : दही, फल, सिंदूर, मसूर
पंचमी : दूध, मेवा,कमलपुष्प, बिंदी
षष्ठी : चुनरी, पताका, दूर्वा
सप्तमी : बताशा, इत्र, फल-पुष्प
अष्टमी : पूड़ी, पीली मिठाई, कमलगट्टा, चंदन, वस्त्र,
नवमी : खीर, सुहाग सामग्री, साबूदाना, अक्षत फल, बताशा
पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी में 251 पूजा पंडाल स्थापित होंगे। काशी जोन में सबसे अधिक 134 तो वरुणा जोन में 117 पंडाल बनाए जा रहे हैं। काशी जोन में सबसे अधिक पूजा पंडाल आदमपुर में और सबसे कम रामनगर में बनेंगे। वहीं, वरुणा जोन में सबसे अधिक सिगरा में और सबसे कम पंडाल लालपुर पांडेयपुर क्षेत्र में है।
पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश ने बताया कि कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराते हुए पूजा पंडाल स्थापित कराए जाएंगे। काशी जोन के आदमपुर में 22, लंका में 21, भेलूपुर में 19, कोतवाली में 18, चौक में 15, दशाश्वमेध में 14, लक्सा में नौ, चितईपुर व रामनगर में आठ-आठ पूजा पंडाल लगेंगे। वरुणा जोन में सिगरा में 22, चेतगंज में 20, कैंट में 17, मंडुवाडीह व सारनाथ में 14-14, शिवपुर में 13, जैतपुरा में 10, लालपुर-पांडेयपुर में सात पंडाल स्थापित होंगे।