भू-माफिया की मनमानी पर कार्रवाई के लिए चक्कर लगाते-लगाते थक गए तो जद्दूमंडी के ओमप्रकाश खेतपाल ने (49) बुधवार को आत्मदाह का प्रयास किया। कलेक्ट्रेट के सामने उन्होंने खुद पर मिट्टी का तेल छिड़क लिया लेकिन जैसे ही माचिस की तीली जलानी चाही, वहां मौजूद पुलिस और एलआईयू के जवानों की नजर पड़ गई।
कैंट थाने ले आए गए ओमप्रकाश ने वीडीए, पुलिस और जिला प्रशासन पर एक भू-माफिया के खिलाफ सुनवाई न करने का आरोप लगाया। पुलिस ने ओमप्रकाश का शांतिभंग में चालान कर दिया। न्यायालय में पेशी के बाद वह जमानत पर छूट गए।
लक्सा थाना क्षेत्र अंतर्गत जद्दूमंडी निवासी मैरिज ब्यूरो संचालक ओमप्रकाश खेतपाल ओमप्रकाश का आरोप है कि उनके घर के आगे रामकुंड पोखरे के समीप सार्वजनिक रास्ते को पांच भू-माफियाओं ने बंद करा दिए हैं और अवैध तरीके से निर्माण करा रहे हैं।
रास्ता बंद हो जाएगा तो लोग कैसे आएंगे और जाएंगे। मामले की शिकायत वीडीए, लक्सा पुलिस और जिला प्रशासन के अधिकारियों से कई बार की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। ओमप्रकाश ने बताया कि लक्सा थाना, वीडीए और कलेक्ट्रेट का चक्कर काटकर जब वे थक गए तो परेशान होकर विवशता में उन्होंने यह कदम उठाया। क्षेत्राधिकारी कैंट राजकुमार यादव ने बताया कि ओमप्रकाश की शिकायत सुनी गई है। संबंधित विभागों को कार्रवाई के लिए लिखा जाएगा।