बलिया के रसड़ा में मथुरा महाविद्यालय छात्रसंघ का चुनाव स्थगित किए जाने के विरोध में छात्रों ने रसड़ा-बलिया मार्ग धरना देकर शुक्रवार को 11 बजे जमकर हंगामा किया। सड़कों पर टायर जला कर फेंक दिए इससे वहां भगदड़ मच गई।
पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उस पर पथराव शुरू हो गया। छात्रनेताओं की डीएम से फोन पर वार्ता बेनतीजा रही। डीएम एसपी के पहुंचने के बाद दिन में 1 बजे पुलिस ने लाठियां भांज कर छात्रों को खदेड़ दिया। इसके बाद छात्र फिर सड़क पर आ गए और जाम लगा दिया।
इस बीच पूर्व महामंत्री वेद प्रकाश सिंह उर्फ वेदु एवं छात्र नेता प्रभाकर सिंह ने जिला प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़क कर आग लगाने का प्रयास किया पर पुलिस ने दोनों को दबोच कर हिरासत में ले लिया।
इस मामले में 12 नामजद और 100 अज्ञात छात्रों के खिलाफ रसड़ा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।