वाराणसी के रूपापुर गांव में अपने बेटे को लेकर जा रहे शराब के नशे में धुत पिता को बच्चा चोर समझकर ग्रामीणों ने जमकर पीटा। इसके बाद मिर्जामुराद थाने की पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने परिजनों के साथ बच्चे और उसके पिता को घर भेज दिया।
आजमगढ़ जिले के अहिरौला का रहने वाला युवक अपनी पत्नी और तीन वर्षीय बेटे के साथ विंध्याचल दर्शन करने गया था। वापसी में मिर्जापुर में उसने शराब पी ली थी। उसकी पत्नी ने शराब पीने का विरोध किया तो वह उससे कहासुनी कर नशे में धुत होकर अपने बेटे को लेकर मिर्जापुर से ऑटो में बैठकर भाग निकला।
पत्नी ने परेशान होकर इसकी शिकायत विंध्याचल थाना की पुलिस से की। सूचना पाकर पुलिस हरकत में आ गई। युवक अपने बेटे को लेकर रात करीब आठ बजे मिर्जामुराद थाना के रूपापुर में लड़खड़ाते हुए जा रहा था। इसी बीच ग्रामीणों ने उसे बच्चा चोर समझ कर पकड़कर पिटाई कर दी और सूचना पुलिस को दी। उधर, युवक की पत्नी अपने बच्चे को खोजते हुए मिर्जामुराद थाने पहुंची।
मिर्जामुराद थाना प्रभारी सुनील दत्त दूबे ने बताया कि युवक नशे में धुत होकर अपनी पत्नी से झगड़ा कर बच्चे को लेकर विंध्याचल धाम से रूपापुर चला आया था। ग्रामीण उसको बच्चा चोर समझ कर पीट दिए। पुलिस की सूचना पर पहुंची पत्नी और परिजन बच्चे और उसके पिता को लेकर घर चले गए।