उत्तर प्रदेश का सोनभद्र जिला छत्तीसगढ़ की सीमा से मिलता है। जहां पर नक्सलियों का आतंक इतना ज्यादा है कि वे अपने क्षेत्र में सड़क का निर्माण तक नहीं होने दे रहे है। इसी के तहत सोमवार को नक्सलियों ने अपहरण जैसी घटना को अंजाम दिया है।
सोनभद्र से सटे छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले कोयलीबेड़ा थाना क्षेत्र में चिलापरस के पास पानीडोबिर गांव में सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है। यह क्षेत्र नक्सलियों को गढ़ माना जाता है। नक्सलियों ने अभी तक इस इलाके में पक्की सड़क का निर्माण नहीं होने दिया है। इस नाते बारिश के दिनों में रहवासियों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इसको देखते हुए कुछ माह पूर्व सरकार ने एक ठेकेदार को सड़क का कार्य कराने के लिए ठेका दिया है। इसका नक्सलियों ने विरोध किया था। उनके मना करने के बाद भी ठेकेदार ने काम शुरू करवा दिया। सोमवार को 25-30 नक्सलियों ने काम को बंद कराते हुए जेसीबी में आग लगा दी। चालक का अपहरण कर जंगल में लेकर चले गए।
छत्तीसगढ़ सरकार ने सभी जिलों की पुलिस को नक्सलियों को पकड़ने का निर्देश दिया है। बलरामपुर जिले से सटे डेंडो, गोबरा, और त्रिशूली जंगल में पुलिस नक्सलियों की तलाश में भटकती रही।